September 14, 2026

रायपुर। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचीं। राजधानी रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय से लेकर उनके गृह नगर बसना तक जगह-जगह महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया।

रायपुर से बसना तक दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह

रूपकुमारी चौधरी के स्वागत में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना। रायपुर से महासमुंद जिले में प्रवेश के बाद घोड़ारी सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर और जयकारों के साथ अपनी नई राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति उत्साह जताया।

मीडिया से बातचीत में रूपकुमारी चौधरी ने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि पार्टी एक सामान्य कार्यकर्ता को भी राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी निभाने का अवसर देती है। पंचायत स्तर से राजनीतिक सफर शुरू कर भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने तक की यात्रा को उन्होंने पार्टी की कार्यकर्ता आधारित व्यवस्था का उदाहरण बताया।

शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

रूपकुमारी चौधरी ने महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के एक कार्यकर्ता को राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि वह छत्तीसगढ़ से भाजपा महिला मोर्चा की तीसरी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

महिलाओं के आत्मसम्मान और भागीदारी को बताया प्राथमिकता

महिलाओं के लिए अपनी प्राथमिकताओं को लेकर रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के आत्मसम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा के साथ उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देने की दिशा में लगातार काम हुआ है।

उन्होंने कहा कि आज महिलाएं राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मजबूत भागीदारी निभा रही हैं। आने वाले समय में संगठन के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

बोलीं- स्वागत ने किया भावुक

रायपुर एयरपोर्ट से लेकर बसना तक हुए भव्य स्वागत को रूपकुमारी चौधरी ने भावुक करने वाला पल बताया। उन्होंने कहा कि बस्तर से सरगुजा और दुर्ग से बिलासपुर तक प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं ने जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया, उसके लिए वह भाजपा कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा की बहनों की आभारी हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *