रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम की पत्नी पुष्पा नेताम का एक ब्लॉगिंग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुष्पा नेताम गांव के देसी अंदाज में नाश्ता तैयार करती नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि उनके बनाए देसी नाश्ते का स्वाद खुद कृषि मंत्री रामविचार नेताम भी लेते दिखाई दे रहे हैं।

गांव के अंदाज में तैयार किया देसी नाश्ता
वीडियो में पुष्पा नेताम बताती हैं कि वह अपने गांव सनवाल में हैं और अपने पति के लिए गांव के पारंपरिक अंदाज में नाश्ता तैयार कर रही हैं।
वह नाश्ते में ऑर्गेनिक मक्के की रोटी, देसी सब्जी, साग, करेला और घर का जमाया हुआ दही तैयार करती नजर आती हैं। वीडियो में वह कहती हैं कि उनके ‘साहब’ भी इस तरह का देसी खाना बड़े चाव से खाते हैं।
बोलीं- गांव आते ही तामझाम की जरूरत नहीं
पुष्पा नेताम वीडियो में कहती हैं कि गांव आने के बाद उनके पति को किसी तरह के तामझाम की जरूरत नहीं पड़ती। घर का बना सादा और देसी खाना ही उन्हें पसंद है।
वह लोगों से यह भी पूछती नजर आती हैं कि क्या वे आज भी गांव-घर में रहकर देसी खाना खाते हैं या अब इसे भूल गए हैं।
उन्होंने बताया कि घर आने पर वे बाहर की चीजें नहीं खिलातीं, बल्कि परिवार के साथ बैठाकर घर का खाना खिलाती हैं। इसके साथ ही उन्होंने दर्शकों से नाश्ते के बारे में प्रतिक्रिया देने के लिए भी कहा।
नाश्ता करते दिखे मंत्री रामविचार नेताम
वीडियो में कृषि मंत्री रामविचार नेताम भी अपनी पत्नी द्वारा तैयार किए गए देसी नाश्ते का स्वाद लेते नजर आ रहे हैं। नाश्ता चखने के बाद वे “वाह” कहते दिखाई देते हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आया यह वीडियो मंत्री के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से अलग उनके पारिवारिक और देसी अंदाज की झलक दिखा रहा है। गांव का पारंपरिक भोजन और पति-पत्नी के बीच का यह सहज संवाद वीडियो को खास बना रहा है।