भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित हथखोज औद्योगिक क्षेत्र की श्याम केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।

फैक्ट्री से उठीं आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार
जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री परिसर से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। इसे देखकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चला
श्याम केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। आग से फैक्ट्री को कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी भी फिलहाल सामने नहीं आई है।
पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।