September 15, 2026

मध्य प्रदेश। उर्दूपुरा क्षेत्र में शनिवार को पुराने मकान को डिस्मेंटल करने के दौरान अचानक दीवार गिर गई। हादसे में वहां काम कर रहे तीन मजदूर घायल हो गए। घायलों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अचानक ढह गई पुरानी दीवार

जानकारी के मुताबिक, उर्दूपुरा क्षेत्र में पुराने मकान को तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान मकान की एक पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार की चपेट में आने से वहां काम कर रहे तीन मजदूर घायल हो गए।

दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने मलबे से मजदूरों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

दो पुरुष और एक महिला मजदूर घायल

हादसे में घायल मजदूरों की पहचान गोविंद और राजू के रूप में हुई है, जबकि तीसरी घायल महिला मजदूर है। जानकारी के अनुसार, गोविंद के पैर में और राजू के हाथ में चोट आई है। वहीं महिला मजदूर के हाथ-पैर और पंजे में हल्की चोट बताई गई है।

तीनों घायलों को अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

डॉक्टर ने बताया- हालत स्थिर

डॉक्टर विजय बाबू के मुताबिक, तीनों घायल मजदूरों की हालत फिलहाल स्थिर है। उन्हें कुछ फ्रैक्चर और मामूली चोटें आई हैं। हादसे में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।

घायल मजदूरों को उनके पड़ोसी मुकेश भाटी अस्पताल लेकर पहुंचे। बताया गया है कि तीनों मजदूर रतलाम जिले के रहने वाले हैं।

पुराने मकान को तोड़ने के दौरान हुए इस हादसे ने निर्माण और डिस्मेंटलिंग कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *