रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना स्थित आदर्श एकलव्य मॉडल स्कूल के सैकड़ों आदिवासी छात्र हॉस्टल और स्कूल में बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में सड़क पर उतर आए। सोमवार, 26 अक्टूबर की सुबह छात्र पानी, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी से परेशान होकर सैलाना से रतलाम जिला मुख्यालय के लिए पैदल रवाना हुए। अधिकारियों ने रास्ते में उन्हें समझाकर वापस लौटाने की कोशिश की, लेकिन छात्र नहीं माने और करीब 20 किलोमीटर का सफर तय कर रतलाम पहुंच गए।

छुट्टी के दिन कलेक्टर कार्यालय पहुंचे छात्र
जानकारी के मुताबिक, सैलाना मॉडल स्कूल और छात्रावास में लंबे समय से पानी, भोजन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी की शिकायतें सामने आ रही थीं। छात्रों के पैदल मार्च की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ। एसडीएम और शिक्षा विभाग के अधिकारी वाहनों से छात्रों के पीछे पहुंचे और रास्ते में उन्हें समझाकर वापस भेजने का प्रयास किया। हालांकि, छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और जिला मुख्यालय पहुंच गए।
सोमवार को शासकीय अवकाश होने के कारण जिला मुख्यालय पर अधिकारियों से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद छात्र सैलाना लौट गए। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को मौके पर पहुंचकर समस्याओं का तत्काल निराकरण कराने के निर्देश दिए हैं।
पहले भी सामने आ चुकी हैं अव्यवस्थाएं
सैलाना का यह मॉडल स्कूल पहले भी व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में रहा है। इससे पहले भी छात्र अव्यवस्थाओं के विरोध में पैदल मार्च कर चुके हैं। उस समय अधिकारियों ने रास्ते में आश्वासन देकर उन्हें वापस भेज दिया था।
कुछ समय पहले इसी स्कूल के छात्रावास में एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना ने जिले में चिंता पैदा कर दी थी। लगातार सामने आ रही शिकायतों और घटनाओं के बाद स्कूल प्रबंधन तथा छात्रावास की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर चिंतित हैं।
स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर सवाल
इस घटनाक्रम के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जिला कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देश हैं कि जनसुनवाई और समस्याओं का निराकरण स्थानीय उपखंड स्तर पर ही किया जाए। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सैलाना में ही छात्रों की समस्याओं का समाधान क्यों नहीं हो सका और उन्हें जिला मुख्यालय तक पैदल क्यों आना पड़ा।
छात्रों को उकसाने की आशंका, जांच की मांग
इस मामले में एक सवाल यह भी उठाया जा रहा है कि क्या छात्रों ने अपनी समस्याओं से परेशान होकर खुद पैदल मार्च का फैसला लिया या किसी ने उन्हें इसके लिए प्रेरित किया। खबरों के मुताबिक, पड़ोसी झाबुआ जिले के पेटलावद में एकलव्य विद्यालय के बच्चों को आंदोलन के लिए उकसाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
हालांकि, सैलाना के मामले में भी छात्रों को किसी ने उकसाया, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट होना बाकी है कि छात्र प्रशासनिक अनदेखी के कारण आंदोलन के लिए मजबूर हुए या इसके पीछे किसी अन्य की भूमिका है। मामले के दोनों पहलुओं की जांच की बात कही जा रही है।