May 16, 2026

हेमंत शर्मा, इंदौर। Air India की फ्लाइट में तकनीकी खराबी को लेकर बड़ा हंगामा सामने आया है। दिल्ली से इंदौर आने वाली फ्लाइट AI-2515 में यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घंटों देरी, AC बंद और जानकारी के अभाव ने यात्रियों का गुस्सा भड़का दिया। इस बीच एयर इंडिया ने सोशल मीडिया पर सफाई भी दी है, लेकिन सवाल अब भी जस के तस हैं। 

मामला दिल्ली से इंदौर आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2515 का है, जहां तकनीकी और ऑपरेशनल कारणों के चलते पूरी व्यवस्था चरमराती नजर आई। जानकारी के मुताबिक, पहले फ्लाइट का गेट दो बार बदला गया। यहीं से अव्यवस्था की शुरुआत हो गई थी। इसके बाद भी टेक्निकल क्लियरेंस नहीं मिल सकी, लेकिन यात्रियों को फ्लाइट में बैठा दिया गया। आरोप है कि फ्लाइट को रनवे पर लंबे समय तक खड़ा रखा गया, जहां हालात और बिगड़ गए।

सबसे गंभीर आरोप यह है कि इस दौरान फ्लाइट के अंदर AC बंद था। यानी सैकड़ों यात्रियों को गर्मी और घुटन के बीच इंतजार करने को मजबूर किया गया। हैरानी की बात यह रही कि यात्रियों को न तो स्पष्ट जानकारी दी गई और न ही कोई ठोस अपडेट। जब स्थिति नियंत्रण से बाहर होती दिखी, तब फ्लाइट को वापस टर्मिनल पर लाया गया। लेकिन तब तक यात्रियों का धैर्य जवाब दे चुका था।

हंगामे जैसे हालात

लगातार हो रही देरी और अव्यवस्था से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर ही विरोध शुरू कर दिया। गुस्सा इतना था कि माहौल हंगामे में बदलता नजर आया। यात्रियों का कहना है कि अगर तकनीकी समस्या थी, तो उन्हें समय रहते सूचित क्यों नहीं किया गया?

एयर इंडिया की सफाई:

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यात्री की शिकायत के जवाब में Air India ने लिखा- “Dear Mr. Jain, we hear you and empathize with your experience. The delay has occurred due to operational reasons and our team is actively working to minimize the inconvenience caused. We thank you for your patience.”

फिलहाल, तकनीकी खराबी को लेकर एयरलाइन की विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि क्या यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा अब ‘ऑपरेशनल कारणों’ के भरोसे ही चलेगी?

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *