रायपुर। छत्तीसगढ़ की दो युवा हॉकी खिलाड़ियों गीता यादव और मधु सिदार ने चीन में आयोजित हॉकी जूनियर महिला एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। दोनों खिलाड़ियों ने बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण हासिल किया है।

अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन में दोनों खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रतियोगिता के दौरान मधु सिदार और गीता यादव ने 4-4 गोल किए।
साउथ कोरिया और मलेशिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन
चीन में आयोजित जूनियर महिला एशिया कप में भारत ने साउथ कोरिया को हराया। इस मुकाबले में मधु सिदार ने भारत की ओर से एक गोल दागा।
इसके बाद भारतीय टीम ने मलेशिया को 11-1 से हराया। इस मुकाबले में गीता यादव ने दो गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भारत ने अपने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन किया और 19-0 से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में गीता यादव और मधु सिदार दोनों ने दो-दो गोल किए।
पूरी प्रतियोगिता में मधु सिदार के नाम चार गोल रहे, जबकि गीता यादव ने भी चार गोल दागे।
खेल विभाग ने दोनों खिलाड़ियों को दी बधाई
दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर संचालक खेल एवं युवा कल्याण आकांक्षा शिक्षा खलखो ने रायपुर स्थित संचालनालय में उनका उत्साहवर्धन किया और बधाई दी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए विभाग की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
इस अवसर पर बिलासपुर आवासीय हॉकी अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर बिलासपुर के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बरार और खेल अधिकारी बिलासपुर सुशील अमलेश भी मौजूद रहे।
कवर्धा पहुंचीं गीता यादव, शहर में हुआ भव्य स्वागत
चीन में आयोजित जूनियर महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम के प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाने वाली कवर्धा की बेटी गीता यादव के नगर आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया।
गीता के शहर पहुंचते ही उनके माता-पिता, सर्व यादव समाज के पदाधिकारियों, युवाओं और बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उनका अभिनंदन किया। गीता यादव को ठाकुर देव चौक से बाजे-गाजे के साथ रैली के रूप में भारत माता चौक तक ले जाया गया।
रैली के दौरान जगह-जगह लोगों ने गीता का फूल-मालाओं से स्वागत किया। आतिशबाजी के साथ खुशी का इजहार किया गया और भारत माता के जयकारों के बीच लोगों ने खिलाड़ी का उत्साह बढ़ाया।
छत्तीसगढ़ की इन दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि ने प्रदेश के युवा हॉकी खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का काम किया है।