रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविरों का सिलसिला जारी है। बस्तर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के बाद अब रायपुर संभाग में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हुई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेसवार्ता कर शिविर के उद्देश्य और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर जानकारी दी।

दीपक बैज ने बताया कि AICC के निर्देश पर पूरे प्रदेश में कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। रायपुर संभाग में यह शिविर 20 से 22 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें ब्लॉक अध्यक्षों को संगठन को मजबूत करने और आने वाले समय में पार्टी की गतिविधियों के लिए तैयार किया जा रहा है।
2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारी
दीपक बैज ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को आने वाले समय के लिए मानसिक और संगठनात्मक रूप से तैयार करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मकसद सरकार के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई लड़ना और 2028 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी सरकार को सत्ता से बाहर करना है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के जरिए ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को संगठन की रणनीति और जमीनी स्तर पर काम करने के लिए तैयार किया जा रहा है।
BJP के प्रोपेगेंडा से लड़ने की ट्रेनिंग : बैज
दीपक बैज ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में बीजेपी के कथित छल-कपट और प्रोपेगेंडा का मुकाबला करने को लेकर भी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने झीरम मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर सरकार काम कर रही है और कांग्रेस इस विषय को लेकर भी अपनी रणनीति तैयार कर रही है।
रायपुर संभाग के शिविर में संगठन, विचारधारा और राजनीतिक मुद्दों से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे पहले अन्य संभागों में भी इसी तरह के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं।
BJP के ‘टाइम पास’ वाले बयान पर बैज का पलटवार
कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर बीजेपी की ओर से लगाए गए ‘टाइम पास’ के आरोप पर दीपक बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी इसे टाइम पास मान रही है तो आने वाले समय में उसे पता चलेगा कि कांग्रेस इन प्रशिक्षण शिविरों में क्या तैयारी कर रही है।
बैज ने दावा किया कि बीजेपी का कोई व्यक्ति अगर कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में आकर एक घंटे भी बैठे, तो उसका शरीर, मन और हृदय परिवर्तन हो जाएगा।
कांग्रेस का यह प्रशिक्षण अभियान संगठन को संभाग से लेकर ब्लॉक स्तर तक सक्रिय करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर केंद्रित है।