रायपुर। राजधानी में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में साइकिल और बाइक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और बर्खास्तगी की मांग उठाई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

गांधी प्रतिमा से शुरू हुई रैली
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस रैली का नेतृत्व रायपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने किया। रैली की शुरुआत आजाद चौक स्थित गांधी प्रतिमा से हुई। इसके बाद साइकिल और बाइक सवार कार्यकर्ता शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अंबेडकर अस्पताल तक पहुंचे।
विकास उपाध्याय समेत कई नेता हुए शामिल
रैली में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न ब्लॉक अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। ब्लॉक अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं के साथ रैली में पहुंचे।
चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साइकिल और बाइक रैली के जरिए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए विरोध दर्ज कराया।