November 5, 2026

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान सरकार की प्राथमिकता है और इस दौरान सभी अधिकारियों को फील्ड में रहकर अधिकतम शिकायतों का मौके पर ही समाधान करना होगा। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि अब वे बिना पूर्व सूचना दिए अचानक किसी भी जिले में पहुंचकर अभियान की समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कलेक्टर-कमिश्नर और एसपी-आईजी की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उन जिलों के कलेक्टरों को लंबित शिकायतों का निराकरण तेजी से करने के निर्देश दिए, जहां जन समस्याओं के प्रकरण अधिक समय से लंबित हैं।

CM हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर पांच विभागों को फटकार

मुख्यमंत्री ने जन विश्वास अभियान के तहत CM हेल्पलाइन में सबसे अधिक लंबित शिकायतों वाले विभागों की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल स्थिति सुधारने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने भी अभियान में कुछ कलेक्टरों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी पूरी गंभीरता से काम नहीं कर रहे हैं, जो आपत्तिजनक है। कलेक्टर अपने प्रदर्शन में तत्काल सुधार करें और फील्ड में जाकर लोगों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें।

स्वामित्व योजना के तहत अब तक 1.60 लाख नि:शुल्क रजिस्ट्रियां

बैठक में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 योजना की भी समीक्षा की गई। इसके तहत पात्र हितग्राहियों को नि:शुल्क रजिस्ट्री के माध्यम से स्वामित्व का अधिकार दिया जा रहा है।

बैठक में बताया गया कि 21 अक्टूबर 2026 तक कुल 49 लाख 48 हजार 980 प्लॉट की नि:शुल्क रजिस्ट्री के लक्ष्य के मुकाबले 1 लाख 60 हजार 230 रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं।

बेहतर काम करने वाले उप-पंजीयकों और पटवारियों की सराहना

मुख्यमंत्री ने रजिस्ट्रेशन के मामले में बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन उप-पंजीयकों को बधाई दी। इनमें राजेश तिवारी (तहसीलदार, रीवा), संजय मसराम (तहसीलदार, छिंदवाड़ा) और रणजीत कुशवाह (तहसीलदार, शिवपुरी) शामिल हैं।

इसके अलावा शीर्ष तीन पटवारियों की भी प्रशंसा की गई। इनमें जीतेंद्र शुक्ला (केवलारी, सिवनी), वीरेंद्र सिंह नरवरिया (मुंगावली, अशोकनगर) और रूप सिंह यादव (डबरा, ग्वालियर) शामिल हैं।

शून्य प्रगति वाले हल्कों पर रीवा, शहडोल और धार के कलेक्टरों को निर्देश

स्वामित्व योजना में शून्य प्रगति वाले पटवारी हल्कों की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने रीवा, शहडोल और धार के कलेक्टरों को तत्काल काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने न्यूनतम प्रगति वाले 10 जिलों के कलेक्टरों पर नाराजगी जताते हुए सुधार के लिए कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिन पटवारी हल्कों में काम शुरू नहीं हुआ है, वहां तत्काल काम प्रारंभ कराया जाए।

12 जिलों में अल्प वर्षा, विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 12 जिलों में सामान्य से कम बारिश की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित कलेक्टरों को खेती-किसानी, पेयजल, सिंचाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में सामान्य वर्षा 949 मिलीमीटर है, जबकि इस साल 908.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम है। प्रदेश के 34 जिलों में सामान्य वर्षा हुई है, जबकि 12 जिलों में सामान्य से 19 प्रतिशत से कम बारिश दर्ज की गई है।

इन जिलों में आलीराजपुर, धार, झाबुआ, रतलाम, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, इंदौर, उज्जैन, पांढुर्णा, शाजापुर और छिंदवाड़ा शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित कलेक्टरों से चर्चा कर कम बारिश वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए चेस्ट क्लीनिक शुरू

मौसम में बदलाव के कारण होने वाली मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री ने विशेष इंतजाम करने को कहा। बैठक में बताया गया कि 15 अक्टूबर से प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों और शासकीय मेडिकल कॉलेजों में चेस्ट क्लीनिक शुरू किए गए हैं।

इन क्लीनिकों में खांसी, जुकाम, गले और सीने में दर्द जैसी शिकायतों की जांच की जाएगी। इसका उद्देश्य मौसमी बीमारियों की पहचान और उपचार के साथ यह पता लगाना भी है कि कहीं लक्षण किसी गंभीर बीमारी से जुड़े तो नहीं हैं।

दीपावली से पहले क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के निर्देश

बैठक में बारिश के बाद सड़कों और निर्माण कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा हुई। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव ने बताया कि सड़क मरम्मत और अन्य निर्माण कार्य शुरू कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों के अधूरे कामों को भी इसमें शामिल कर तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की जरूरी मरम्मत दीपावली से पहले पूरी कर ली जाए। इसके अलावा भवन निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरे करने और क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों व दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा संबंधी कमियों को प्राथमिकता से दूर करने को कहा।

1 नवंबर को लाल परेड ग्राउंड में मनेगा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 1 नवंबर 2026 को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह भव्य स्तर पर आयोजित किया जाए। इस अवसर पर कृषि और उससे जुड़े विषयों पर केंद्रित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

बैठक में बताया गया कि स्थापना दिवस समारोह में बॉलीवुड गायिका मोनाली ठाकुर प्रस्तुति देंगी।

गोवर्धन पूजा पर 208 वृंदावन ग्रामों में पशुपालकों को पुरस्कार

बैठक में गोवर्धन पूजा के कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि प्रदेश के 208 वृंदावन ग्रामों में अच्छे पशुपालकों के चयन के लिए प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रत्येक ग्राम से प्रथम तीन विजेताओं को गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार दिया जाएगा।

पुरस्कार राशि इस प्रकार होगी:

  • प्रथम पुरस्कार: 1 लाख रुपये
  • द्वितीय पुरस्कार: 50 हजार रुपये
  • तृतीय पुरस्कार: 25 हजार रुपये

इस तरह कुल 624 विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल से यह पुरस्कार सभी विकासखंडों में भी दिए जाएंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *