September 14, 2026

जशपुर में हाथियों का आतंक, कैलाश गुफा के पास ग्रामीण पर हमला

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा वन परिक्षेत्र में 16 हाथियों के दल की मौजूदगी से ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। कैलाश गुफा के पास मेला स्थल के करीब हाथियों ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हाथियों के इस हमले से कैलाश गुफा आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। खासकर सावन सोमवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

10 हजार कांवड़ियों की सुरक्षा चुनौती

बताया गया है कि बलरामपुर के श्रीकोट से करीब 10,000 कांवड़िए पवित्र जल लेकर कैलाश गुफा में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए निकले हैं। ऐसे में हाथियों की मौजूदगी के बीच उनकी सुरक्षा वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।

हाथियों का दल फिलहाल मैनी-बिमड़ा के जंगलों में विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही है और ग्रामीणों को मुनादी के जरिए सतर्क किया जा रहा है।

पहले भी हो चुकी है मौत

हाथियों के हमले की यह पहली घटना नहीं है। हाल ही में घुघरी कदमटोली गांव में हाथियों ने जंगल के किनारे बने कच्चे मकान पर हमला किया था। घर में सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई थी।

अब कैलाश गुफा के नजदीक ग्रामीण पर हमले के बाद वन विभाग को हाथियों की निगरानी के साथ-साथ श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की आवाजाही के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था करनी पड़ रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *