ग्वालियर। शहर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में एक ई-कॉमर्स वेयरहाउस में काम करने वाली युवती ने दो संचालकों पर सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, अन्य कर्मचारियों के जाने के बाद दोनों आरोपियों ने वेयरहाउस का गेट अंदर से बंद कर दिया और युवती को रोककर उसके साथ कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अन्य कर्मचारियों के जाने के बाद गेट बंद करने का आरोप
मामला गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पटरी रोड स्थित एक ई-कॉमर्स कंपनी के वेयरहाउस का है। यहां पैकिंग और डिलीवरी के लिए सामान तैयार किया जाता है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, वेयरहाउस में काम करने वाली युवती को संचालक आदित्य भदौरिया और रोबिन शर्मा ने कथित तौर पर रोक लिया।
पीड़िता का आरोप है कि अन्य कर्मचारियों के जाने के बाद दोनों ने चैनल गेट अंदर से बंद कर दिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर धमकी देने का आरोप
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और घटना के बारे में किसी को बताने या शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
बताया गया है कि युवती कॉलेज की छात्रा है और परिवार की आर्थिक मदद के लिए वेयरहाउस में काम करती थी।
दो दिन तक तनाव में रही युवती
घटना के बाद युवती कथित तौर पर मानसिक तनाव में चली गई और करीब दो दिन तक गुमसुम रही। परिजनों के पूछने पर उसने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत की गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुष्कर्म समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच करने के साथ दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।