रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय और निजी नर्सिंग महाविद्यालयों में तकनीकी कारणों से अब तक काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। ऐसे में निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करना मुश्किल हो गया है। इसे देखते हुए चिकित्सा शिक्षा आयुक्त ने नर्सिंग के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 15 दिसंबर 2026 करने की मांग की है।

तकनीकी कारणों से अटकी काउंसिलिंग
चिकित्सा शिक्षा आयुक्त रितेश कुमार अग्रवाल ने सोमवार, 26 अक्टूबर को इंडियन नर्सिंग काउंसिल, नई दिल्ली के सचिव को पत्र लिखा है। इसमें बताया गया है कि काउंसिल की 24 सितंबर 2026 की अधिसूचना के अनुसार नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 तय की गई है।
हालांकि, प्रदेश के शासकीय और निजी नर्सिंग महाविद्यालयों में तकनीकी कारणों के चलते प्रवेश प्रक्रिया बाधित है और अब तक काउंसिलिंग शुरू नहीं हो सकी है। ऐसे में कम समय में काउंसिलिंग के सभी चरण पूरे कर पाना संभव नहीं दिख रहा है।
इन पाठ्यक्रमों के लिए मांगी गई समय-सीमा
चिकित्सा शिक्षा आयुक्त ने पत्र के माध्यम से बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और डिप्लोमा इन साइकिएट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 दिसंबर 2026 करने का अनुरोध किया है।
पत्र की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव, पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के कुलसचिव और छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल के रजिस्ट्रार को भी भेजी गई है।
अब प्रवेश की समय-सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव पर इंडियन नर्सिंग काउंसिल के निर्णय का इंतजार है।