November 24, 2026

बिलासपुर। फैमिली कोर्ट के जज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के मामले में सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह नरेश चौहान को सरकंडा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसएसपी रजनेश सिंह की ओर से जारी आदेश में कार्रवाई की वजह प्रशासनिक बताई गई है।

जन्मदिन के जश्न के दौरान हुआ था विवाद

मामला बिलासपुर के राजकिशोर नगर का है। महासमुंद कुटुंब न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी के साथ मारपीट की घटना करीब सप्ताहभर पहले सामने आई थी। बताया गया था कि जन्मदिन के जश्न के दौरान देर रात ढोल-नगाड़े बजाने और पटाखे फोड़ने पर न्यायाधीश ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों पर न्यायाधीश व उनके परिजनों से गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा था।

दोनों पक्षों की शिकायत पर दर्ज हुई थी एफआईआर

मामले में प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी मामला दर्ज किया गया था। बताया जा रहा है कि न्यायिक अधिकारियों ने जज के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने पर आपत्ति जताई थी।

अनुमति और जांच को लेकर उठे सवाल

आरोप है कि न्यायाधीश के खिलाफ केस दर्ज करने से पहले जरूरी प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई और सभी पहलुओं की जांच भी नहीं की गई। हालांकि, एसएसपी के आदेश में टीआई को लाइन अटैच करने की वजह प्रशासनिक बताई गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *