रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ आने को लेकर कांग्रेस की टिप्पणी पर मंत्री रामविचार नेताम ने कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बारे में इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है। कांग्रेस को आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। नेताम ने कहा कि कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं और भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरी पार्टी को ऐसी बातें करने से बचना चाहिए। समय आने पर जनता कांग्रेस को जवाब देगी।

जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रमों की जानकारी दी
मंत्री रामविचार नेताम ने शनिवार को मीडिया से जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी तथा सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के दौरे को लेकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर 11 से 18 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है।
नेताम के मुताबिक, नितिन नवीन रायगढ़ आएंगे। स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू भी रायगढ़ पहुंचेंगे। कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं की भागीदारी के साथ जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक व्यंजनों और कलाकृतियों से जुड़े आयोजन होंगे। तैयारियों की व्यापक समीक्षा भी की जाएगी।
पटवारियों से आंदोलन खत्म करने की अपील
पटवारियों के आंदोलन को जानबूझकर खत्म नहीं कराने और धान खरीदी से बचने के कांग्रेस के आरोपों पर नेताम ने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सरकार आंदोलनरत पटवारियों के संपर्क में है और उनसे किसानों के हित में आंदोलन समाप्त करने की अपील कर रही है। उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा।
नेताम ने कहा कि कांग्रेस को सरकार के हर अच्छे काम में खामी नजर आती है। धान खरीदी के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र बढ़ाए गए हैं, ताकि किसानों को असुविधा न हो। उनके मुताबिक, सरकार किसानों को सुविधाएं देने और उनके हित में लगातार काम कर रही है।
कांग्रेस के अंदरूनी मामले पर भी कसा तंज
दिल्ली नहीं जाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी होने के मामले में नेताम ने कहा कि यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कार्रवाई करते-करते एक दिन कांग्रेस खाली हो जाएगी। नेताम ने आरोप लगाया कि पार्टी में अनुशासन नहीं रह गया है और ऐसी स्थिति लगातार बनी रहती है।