कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में भतीजे ने अपने 85 वर्षीय चाचा पर टांगिया से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामला पसान थाना क्षेत्र का है।

मवेशियों को चारा देने गए थे बुजुर्ग
जानकारी के मुताबिक, पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया (सीपतपारा) निवासी बबन राम यादव (85) मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे मवेशियों को चारा देने के लिए गए थे। इसी दौरान उनके भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव ने कथित तौर पर टांगिया से उन पर हमला कर दिया।
हमले में बबन राम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पसान पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जमीन बंटवारे को लेकर एक साल से चल रहा था विवाद
कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत के मुताबिक, बबन राम यादव की हत्या उनके भतीजे अशोक यादव उर्फ सोनू ने टांगिया से वार कर की है। पुलिस के अनुसार, चाचा और भतीजे के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर करीब एक साल से विवाद और मनमुटाव चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के चलते मंगलवार सुबह आरोपी ने मवेशियों को चारा देने गए अपने चाचा पर हमला कर दिया।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। शव का पंचनामा और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार आरोपी अशोक यादव उर्फ सोनू की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।