धार। इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत टीही-धार रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन और ट्रैक की मजबूती परखने के लिए निरीक्षण और हाई-स्पीड ट्रायल की तैयारी की जा रही है। प्रस्तावित ट्रायल में ट्रेन 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाई जाएगी। यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने आसपास के गांवों और बस्तियों में जागरूकता अभियान शुरू किया है।

ट्रैक से दूर रहने की अपील
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के मुताबिक, ट्रायल को ध्यान में रखते हुए रेलवे लाइन के आसपास मुनादी कराई जा रही है। रेलवे ने लोगों को चेताया है कि ट्रैक पर चलना, बैठना या किसी भी तरह की गतिविधि करना जानलेवा हो सकता है।
लोगों से अपने मवेशियों को भी रेलवे ट्रैक से दूर रखने की अपील की गई है।
6 नवंबर को विशेष जागरूकता अभियान
रेलवे की ओर से 6 नवंबर को सुबह 8 से 9 बजे के बीच माइक के जरिए विशेष प्रचार-प्रसार कराने की जानकारी दी गई थी। सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को सतर्क किया जा रहा है।
ट्रैक से गुजरते लोग और मवेशी चिंता का विषय
रेलवे प्रशासन के सुरक्षा उपायों के बावजूद स्थानीय स्तर पर लोगों के ट्रैक से गुजरने और मवेशियों को लेकर रेल लाइन पार करने की तस्वीरें सामने आने की बात कही गई है। रेलवे ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने पशुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और स्पीड ट्रायल के दौरान ट्रैक के आसपास न जाएं।