ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में 88 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सीवर प्रोजेक्ट को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ठेकेदार पर निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों की अनदेखी करने के आरोप लग रहे हैं। मंगलवार को शहर के वार्ड क्रमांक 17 स्थित ठाकुर बाबा रोड पर स्थानीय लोगों ने कर्मचारियों के सामने विरोध जताते हुए काम रुकवा दिया। नगर पालिका के पार्षद भी पाइप की गुणवत्ता और आकार को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

7 इंच के पाइप को लेकर पार्षदों में नाराजगी
डबरा के 30 वार्डों में सीवर लाइन बिछाने के लिए 88 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की गई है। पार्षदों का आरोप है कि प्रोजेक्ट में 7 इंच के पाइप लगाए जा रहे हैं, जो भविष्य की जरूरतों के लिहाज से पर्याप्त नहीं हो सकते। उनकी मांग है कि निर्धारित मानकों की जांच कर अच्छी गुणवत्ता वाले बड़े पाइप लगाए जाएं, ताकि योजना का लंबे समय तक लाभ मिल सके।
भाजपा पार्षद धर्मेंद्र सिंह हैप्पी का आरोप है कि काम करने वाली कंपनी के पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि लंबे समय से काम चलने के बावजूद नगर पालिका के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक मौके पर पहुंचकर योजना का निरीक्षण नहीं किया है। उनके मुताबिक, अधिकारियों को यह तक जानकारी नहीं है कि किस वार्ड में कब काम किया जा रहा है।
गुजरात की कंपनी को मिला ठेका, भिंड के ठेकेदार को दिया काम
जानकारी के अनुसार, इस परियोजना का ठेका गुजरात की वासवानी कंपनी को मिला है। आरोप है कि कंपनी ने आगे पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर भिंड के एक ठेकेदार को काम सौंप दिया है। अब वही ठेकेदार डबरा के 30 वार्डों में सीवर पाइपलाइन बिछाने का काम कर रहा है।
पाइप के आकार, गुणवत्ता और निर्माण के मापदंडों को लेकर स्थानीय लोगों और पार्षदों ने आपत्ति जताई है। पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि काम में सुधार नहीं किया गया तो वे खुद सड़कों पर उतरकर निर्माण कार्य बंद कराएंगे।
कलेक्टर से मिलेंगे पार्षद
लगातार विरोध के बाद मंगलवार को जिले की कलेक्टर रुचिका चौहान से पार्षदों की मुलाकात प्रस्तावित है। पार्षदों की मांग है कि वरिष्ठ अधिकारी पूरे प्रोजेक्ट की नियमित मॉनिटरिंग करें और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराएं।
उनका कहना है कि यदि कलेक्टर से मुलाकात के बाद भी काम नहीं रोका गया और उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे खुद मौके पर पहुंचकर काम बंद कराएंगे।
जलावर्धन और अमृत योजना का हवाला देकर जताई चिंता
स्थानीय लोगों और पार्षदों ने डबरा में पहले लागू की गई जलावर्धन योजना और अमृत योजना का भी हवाला दिया है। उनका आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद इन योजनाओं की पाइपलाइन में बार-बार लीकेज और टूट-फूट की समस्या आती है, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
इसी अनुभव के चलते अब लोग सीवर प्रोजेक्ट की गुणवत्ता को लेकर पहले से सतर्क हैं। उनका कहना है कि निर्माण में अभी से मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं किया गया तो भविष्य में भी जनता को परेशानी उठानी पड़ सकती है।