November 19, 2026

जांजगीर-चांपा। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर बुजुर्ग से 32 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में जांजगीर साइबर थाना पुलिस ने इंदौर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने और सीबीआई की कार्रवाई का डर दिखाकर पीड़ित को 24 घंटे से अधिक समय तक डिजिटल अरेस्ट रखा था। गिरफ्तार आरोपियों की उम्र महज 21 और 24 साल है।

टेलीकॉम अथॉरिटी और CBI अधिकारी बनकर किया फोन

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी तुषारकर देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने टेलीकॉम अथॉरिटी का अधिकारी बनकर फोन किया। उसने बताया कि उनका मोबाइल नंबर मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में इस्तेमाल हुआ है और इस संबंध में कोलाबा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज है।

इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को CBI अधिकारी बताते हुए फोन किया और मनी लॉन्ड्रिंग केस में डिजिटल अरेस्ट किए जाने की बात कही। बुजुर्ग पीड़ित आरोपियों की बातों से घबरा गए। इसी डर का फायदा उठाकर आरोपियों ने पुलिस से सेटिंग कराने के नाम पर उनसे 32 लाख रुपये ठग लिए।

बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

कुछ दिनों बाद आरोपियों के मोबाइल नंबर बंद हो गए, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने परिवार को जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत अपराध दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने उन बैंक खातों की जानकारी जुटाई, जिनमें ठगी की रकम भेजी गई थी। जांच में स्लाइस स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते में रकम जमा होने की जानकारी मिली। अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने टीम गठित कर इंदौर भेजी।

इंदौर से दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने इंदौर में कार्रवाई करते हुए सौम्य जैसवार (21), निवासी प्रजापत नगर और देवराज अमकरे (24), निवासी गुरु शंकर नगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, PSI रुकसाना बानो, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा, हेड कांस्टेबल विवेक सिंह और गिरीश कश्यप का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस ने इसी तरह के एक अन्य मामले में पंजाब से भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *