November 26, 2026

उज्जैन। देवास रोड स्थित श्रीगंगा होटल के वेस्टेज चैंबर की सफाई के दौरान चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने होटल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही से मौत का प्रकरण दर्ज किया है। हादसे के दो दिन बाद घायल हेमराज के बयान, प्रत्यक्षदर्शी के कथन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर माधव नगर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत केस दर्ज किया गया है।

सफाई के दौरान एक के बाद एक चैंबर में फंसे चार लोग

पुलिस के मुताबिक, होटल के वेस्टेज चैंबर की सफाई के लिए चार लोग अंदर उतरे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति का पैर फिसल गया और एक के बाद एक चारों चैंबर में फंस गए। दम घुटने से उनकी मौत हो गई। उन्हें बचाने के लिए अंदर उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई थी।

माधव नगर सीएसपी दीपिका शिंदे के अनुसार, मृतकों की पहचान मनोज मीणा निवासी ग्राम बुड मंडावर, जिला झालावाड़ (राजस्थान), कमलेश तंबोली और नितिन बिलरवान निवासी वाल्मीकि नगर, उज्जैन तथा वहीद खां निवासी सुसनेर, जिला आगर-मालवा, हाल मुकाम जुना सोमवारिया के रूप में हुई है।

होटल संचालक को एफआईआर में नामजद नहीं किया

पुलिस ने घायल हेमराज और प्रत्यक्षदर्शी के बयान के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होटल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एफआईआर में लापरवाही के कारण मौत होने का आरोप दर्ज है। हालांकि, फिलहाल होटल संचालक को नामजद नहीं किया गया है।

मृतकों के परिजन को आर्थिक सहायता

हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए थे। वहीं, परिजन के विरोध के बाद होटल संचालक की ओर से भी प्रत्येक मृतक के परिवार को 30-30 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई थी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *