नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नई दिल्ली स्थित 5, सुनहरी बाग रोड आवास पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस दौरान नेताओं ने सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात की।

सोनिया और प्रियंका गांधी से हुई आत्मीय मुलाकात
समारोह में यूपीए की चेयरपर्सन और सांसद सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा तथा छत्तीसगढ़ प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ से पहुंचे नेताओं ने उनसे आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान देश की मौजूदा राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई।
भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और चरणदास महंत रहे मौजूद
दीपावली मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
चरणदास महंत ने साझा की तस्वीरें
डॉ. चरणदास महंत ने समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि दीपावली यह संदेश देती है कि अंधकार कितना भी गहरा क्यों न हो, आशा और विश्वास का एक दीपक उसे मिटाने की शक्ति रखता है।
महंत ने लिखा कि देश के सामने नफरत, वैमनस्य और विभाजनकारी राजनीति जैसी चुनौतियों के बीच प्रेम, सद्भाव, भाईचारा और आपसी एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत हैं।