रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के कमजोर पड़ने के बाद बस्तर संभाग के भाजपा और कांग्रेस से जुड़े 116 नेताओं की सुरक्षा श्रेणी में कटौती किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस फैसले पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। यदि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा घटाने के बाद कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

बैज ने दावा किया कि आधा दर्जन से अधिक नक्सली अब भी मौजूद हैं और कुछ दूसरे राज्यों में चले गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी नक्सलवाद का पूरी तरह खात्मा चाहती है, लेकिन नेताओं की सुरक्षा का फैसला मौजूदा खतरे का आकलन करके लिया जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा पर अपने नेताओं को अतिरिक्त सुरक्षा देने का आरोप भी लगाया।
नौ नेताओं की Z+ सुरक्षा घटाकर Z की गई
जानकारी के मुताबिक, नौ नेताओं की सुरक्षा Z+ श्रेणी से घटाकर Z श्रेणी की गई है। इनमें कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मंत्री कवासी लखमा के नाम शामिल हैं। इसके अलावा कर्मा परिवार को उपलब्ध कराई जा रही सुरक्षा में भी बदलाव किया गया है।
बस्तर क्षेत्र के सांसदों, विधायकों और पूर्व मंत्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई है। बताया जा रहा है कि यह निर्णय मौजूदा सुरक्षा खतरे के आकलन के आधार पर लिया गया है। हालांकि, सुरक्षा में कटौती से संबंधित विस्तृत आधिकारिक आदेश जारी होने की जानकारी नहीं दी गई है।
दिल्ली रैली को लेकर सरकार पर लगाए आरोप
दिल्ली में कांग्रेस की प्रस्तावित रैली को लेकर दीपक बैज ने कहा कि एक नवंबर को रामलीला मैदान में रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे और राहुल गांधी के हाथ मजबूत करेंगे।
बैज ने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले स्पेशल ट्रेन उपलब्ध कराने की बात कही, लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता अपने संसाधनों से दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि रैली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पुरंदर मिश्रा के बयान पर बैज का पलटवार
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस की दिल्ली रैली को लेकर कहा था कि कांग्रेस नेता राज्योत्सव से डरकर जा रहे हैं। उन्होंने अपने बयान में कांग्रेस नेताओं की चमड़ी उधेड़ने की बात भी कही थी।
इस पर दीपक बैज ने पलटवार करते हुए भाजपा नेताओं पर हिटलरशाही और फासीवादी विचारधारा अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को इस तरह की भाषा से बचना चाहिए। बैज ने कहा कि जनता चुनाव में इसका जवाब देगी।
फसल नुकसान पर सर्वे और मुआवजे की मांग
अर्नब तूफान के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश का जिक्र करते हुए बैज ने किसानों के नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बस्तर से सरगुजा तक बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है। कई किसानों ने फसल की कटाई शुरू कर दी थी, ऐसे में कटी हुई फसल भीगने से उन्हें नुकसान हुआ है।
बैज ने सरकार से प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कराने और मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि बस्तर में बाढ़ से लाखों हेक्टेयर फसल बर्बाद हुई थी, लेकिन उसका सर्वे अब तक नहीं कराया गया। उन्होंने पहले हुए नुकसान के साथ हाल की बारिश से प्रभावित फसलों का भी आकलन कर किसानों को राहत देने की मांग की।