कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कोलगा गांव में ग्रामीणों ने शराबखोरी से बिगड़ते माहौल को देखते हुए सामूहिक रूप से बड़ा फैसला लिया है। करतला थाना क्षेत्र के इस गांव में शराब बनाना, बेचना और पीना प्रतिबंधित कर दिया गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि नियम का उल्लंघन करने वालों को पुलिस के हवाले किया जाएगा।

सरपंच की बैठक में लिया गया निर्णय
जानकारी के मुताबिक, गांव में लंबे समय से शराब के कारण बिगड़ते माहौल को लेकर लोग परेशान थे। इसी समस्या को लेकर सरपंच संतराम राठिया ने सामूहिक बैठक बुलाई। बैठक में सर्वसम्मति से गांव में शराब बनाने, बेचने और पीने पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया।
डंडे लेकर निकलीं महिलाएं, शराब बंद करने के लगाए नारे
फैसले के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में डंडे लेकर गांव में निकलीं और शराबबंदी के समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान शराब बनाते पकड़े गए लोगों को समझाइश दी गई। महिलाओं की टोलियों ने साफ कहा कि गांव में कोई भी व्यक्ति शराब बनाते, बेचते या पीते पकड़ा गया तो उसे पुलिस के हवाले किया जाएगा।
शराबखोरी से बच्चों और महिलाओं पर पड़ रहे असर की चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि शराबखोरी के कारण गांव का माहौल बिगड़ रहा है। उनका दावा है कि इसका असर स्कूली बच्चों और महिलाओं पर भी पड़ रहा है। इसी चिंता के चलते ग्रामीणों ने मिलकर शराब पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।
सूचना मिलने पर करतला थाना प्रभारी भी गांव पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी।