September 23, 2026

ग्वालियर। नगर निगम के नए कमिश्नर अभिषेक चौधरी के पदभार संभालने के बाद निगम की कार्रवाई तेज नजर आ रही है। अधिकारियों के साथ बैठकों और काम की समीक्षा के साथ कमिश्नर फील्ड में भी निरीक्षण कर रहे हैं। इसी कड़ी में नगर निगम के मदाखलत अमले ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पार्किंग के लिए स्वीकृत स्थान पर बनाई गई 18 दुकानों को तोड़ दिया।

पार्किंग की अनुमति लेकर बना दी 18 दुकानें

नगर निगम के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 21 की बैंक कॉलोनी में बिल्डर मोहन बांदिल और ऋषभ जैन द्वारा एक भवन का निर्माण किया जा रहा था। निगम का कहना है कि भवन के सबसे निचले हिस्से में वाहनों की पार्किंग के लिए अनुमति ली गई थी।

आरोप है कि पार्किंग के लिए स्वीकृत स्थान का व्यावसायिक इस्तेमाल करने के उद्देश्य से वहां 18 दुकानों का निर्माण कर दिया गया। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम ने बिल्डर को नोटिस जारी कर निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे। निगम के अनुसार, नोटिस के बावजूद दुकानों को नहीं हटाया गया।

नगर निगम ने 18 दुकानों पर चलाया बुलडोजर

नोटिस के बाद भी निर्माण नहीं हटाए जाने पर नगर निगम की मदाखलत टीम बैंक कॉलोनी पहुंची। मौके पर दुकानों का निर्माण पाया गया, जिसके बाद निगम के अमले ने कार्रवाई शुरू की।

नगर निगम के अनुसार, अनुमति के विपरीत पार्किंग की जगह पर बनाई गई सभी 18 दुकानों को बुलडोजर की मदद से तोड़ दिया गया।

सड़क घेरकर बनाई गई दीवार भी ढहाई

नगर निगम ने एक अन्य कार्रवाई ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में माधव प्लाजा के सामने थौराट की गोठ में की। यहां सड़क पर दीवार बनाए जाने की शिकायत मिली थी।

शिकायत के बाद मदाखलत टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर बनाई गई दीवार को हथौड़े की मदद से तोड़ दिया।

सड़क किनारे से हटाए हाथ ठेले और सामान

इसके अलावा मदाखलत अमले ने मुरार बारादरी से सदर बाजार, अग्रसेन चौराहा, गणेश मंदिर होते हुए गर्ल्स कॉलेज तक यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की।

टीम ने सड़क और फुटपाथ पर लगाए गए हाथ ठेले, फुटपाथ पर सामान रखने वालों और दुकानदारों के बाहर रखे सामान को हटवाया। कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए सामान को मदाखलत कार्यालय में जमा कराया गया।

नगर निगम का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *