September 23, 2026

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में BJP पार्षद की कार पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो बाइक सवार युवकों ने पार्षद की कार का पीछा कर पत्थर मारा, जिससे कार का कांच टूट गया। घटना के बाद पार्षद अपने समर्थकों के साथ कोतवाली थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

गणेश दर्शन के लिए निकले थे पार्षद

पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, BJP पार्षद और जोन 8 के अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर सोमवार रात परिवार के साथ गणेश दर्शन के लिए निकले थे।

इसी दौरान दो अज्ञात बाइक सवारों ने कथित तौर पर उनका पीछा किया। बाठिया नर्सिंग होम, बैरन बाजार के पास बाइक सवारों ने पार्षद की कार को रुकवाया और पत्थर मारकर कार का कांच तोड़ दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

बाइक चलाने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना से पहले आमापारा इलाके में बाइक चलाने को लेकर पार्षद प्रीतम ठाकुर और दोनों युवकों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद दोनों युवकों ने कार पर पत्थर फेंककर हमला किया।

हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और विवाद की परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

समर्थकों के साथ थाने पहुंचे पार्षद

कार पर हमले के बाद प्रीतम ठाकुर अपने समर्थकों के साथ कोतवाली थाना पहुंचे। उन्होंने फरार आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

दो आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य सिंह ठाकुर (22), पिता प्रताप सिंह ठाकुर, निवासी खो-खो पारा और कृष यादव (19), पिता स्व. अरुण यादव, निवासी खो-खो पारा के रूप में हुई है।

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *