November 5, 2026

बलौदाबाजार। जिले में दो दंपतियों ने मृत्योपरांत देहदान की घोषणा कर समाज के लिए प्रेरणादायक पहल की है। दोनों दंपतियों ने ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत स्वप्रेरित होकर देहदान के लिए फार्म भरकर अपनी सहमति दर्ज कराई।

इस जनकल्याणकारी पहल के लिए जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कलेक्टर सभाकक्ष में दोनों दंपतियों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिले में रक्तदान को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का भी उल्लेख किया गया।

गुरु से मिली प्रेरणा, फिर दंपति ने लिया देहदान का संकल्प

कसडोल विकासखंड के ग्राम बम्हनीडीह निवासी फिरतराम साहू और उनकी पत्नी पुष्पा साहू ने मृत्यु के बाद देहदान करने की घोषणा की है।

दंपति ने बताया कि उन्हें अपने गुरु से प्रेरणा मिली। उनके अनुसार, जीवन के बाद भी यदि शरीर का कोई अंग किसी असहाय या रोगग्रस्त व्यक्ति के काम आ सके और उससे किसी को नया जीवन मिल सके, तो इससे बड़ा पुण्य का कार्य नहीं हो सकता।

इसी भावना से प्रेरित होकर दोनों ने देहदान का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि उनके इस फैसले में परिवार के सदस्यों की भी सहमति है। दंपति ने लोगों से भी मृत्योपरांत देहदान के लिए आगे आने की अपील की।

अखबार में किडनी की जरूरत की खबर पढ़कर लिया फैसला

भाटापारा विकासखंड के वेदराम आनंद और उनकी पत्नी रेशमा ने भी मृत्योपरांत देहदान की घोषणा की है।

दंपति ने बताया कि उन्होंने समाचार पत्र में किडनी की आवश्यकता से संबंधित जानकारी पढ़ी थी। इसके बाद वे स्वप्रेरित होकर सीएचसी भाटापारा पहुंचे और डॉक्टर से मुलाकात कर देहदान की इच्छा व्यक्त की।

चिकित्सकीय प्रक्रिया और आवश्यक जानकारी लेने के बाद दंपति ने फार्म भरकर मृत्यु के बाद देहदान करने की घोषणा की।

‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत हो रहा जागरूकता अभियान

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिले में ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी अभियान से प्रेरित होकर जिले के दो दंपतियों ने मृत्योपरांत देहदान की घोषणा की है।

उन्होंने बताया कि जिले में रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। रक्तदान जागरूकता अभियान से प्रेरित होकर लोग रक्तदान के लिए आगे आ रहे हैं, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने देहदान का संकल्प लेने वाले दोनों दंपतियों के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल को भी रक्तदान के लिए सम्मानित किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *