November 6, 2026

रायपुर। बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को 135 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 110 करोड़ रुपए के नए विकास कार्यों की घोषणा भी की। इनमें 82 करोड़ रुपए का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), पानी की पाइपलाइन, सड़क-नाली, खेल मैदान, नालंदा परिसर और स्ट्रीट लाइट समेत कई काम शामिल हैं।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में हुए इस कार्यक्रम को आगामी नगरीय निकाय चुनाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

CM साय बोले- बीरगांव के लिए आज ऐतिहासिक दिन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बीरगांव नगर निगम के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि 135 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है।

सीएम साय ने पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में बीरगांव में सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हर घर नल योजना के काम में पिछली सरकार के दौरान अनियमितताएं हुईं। ये आरोप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान लगाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीरगांव नगर निगम को पिछले ढाई वर्षों में 160 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में विकास कार्यों की गति तेज है।

82 करोड़ का STP, पानी और सड़क के लिए भी राशि

मुख्यमंत्री ने बीरगांव में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 82 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपए, सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए और सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपए की घोषणा की गई।

नालंदा परिसर और ई-लाइब्रेरी का ऐलान

बीरगांव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस नालंदा परिसर बनाने के लिए 5 करोड़ रुपए की घोषणा की गई है।

वहीं शासकीय कॉलेज में ई-लाइब्रेरी के लिए 89 लाख रुपए देने की घोषणा की गई। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य केंद्र में मरम्मत एवं विद्युतीकरण और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य भी प्रस्तावित किए गए हैं।

आवासीय पट्टे देने के लिए 7 क्षेत्रों में होगा सर्वे

मुख्यमंत्री ने बीरगांव के सात क्षेत्रों में सर्वे कराने के बाद पात्र परिवारों को नियमानुसार आवासीय पट्टे देने की घोषणा की।

सर्वे वाले क्षेत्रों में रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर-सरोरा शामिल हैं।

बीरगांव को स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल करने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। बीरगांव भी इस क्षेत्र का हिस्सा होगा। इसके लिए शहर के सुनियोजित और दीर्घकालीन विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

कांग्रेस सरकार पर 18 लाख आवास रोकने का आरोप

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान 18 लाख गरीब परिवारों के आवास का हक प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में आवास बनाए जा रहे हैं।

सीएम ने नक्सलवाद को भी छत्तीसगढ़ के विकास में बाधा बताते हुए कहा कि उनकी सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाया है और अब विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में काम किया जा रहा है।

स्मृति ईरानी की नियुक्ति पर भी बोले CM साय

छत्तीसगढ़ के लिए स्मृति ईरानी को भाजपा का नया प्रदेश प्रभारी बनाए जाने पर मुख्यमंत्री साय ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी मिलने पर उनका स्वागत और अभिनंदन है।

बीरगांव कार्यक्रम में योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए गए। नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन सौंपे गए और सफाई मित्रों तथा स्वच्छता दीदियों का सम्मान किया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *