November 10, 2026

रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने कहा है कि पार्टी की रीति-नीति सांगठनिक अनुशासन, आंतरिक लोकतंत्र और कार्यकर्ताओं के निःस्वार्थ परिश्रम पर आधारित है। भाजपा शुचिता, सादगी और मूल्यों की राजनीति करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ‘मिशन-2028’ के लक्ष्य को पूरा करने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाएं और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ें।

स्मृति ईरानी रविवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्षों की अलग-अलग चरणों में आयोजित बैठकों को संबोधित कर रही थीं।

‘मिशन-2028’ केवल चुनावी लक्ष्य नहीं

ईरानी ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत दिखाई देना चाहिए। भाजपा का निष्ठावान कार्यकर्ता ‘मिशन-2028’ के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी आगामी समय में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

उन्होंने कहा कि ‘मिशन-2028’ केवल चुनाव जीतने का लक्ष्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन की पुनर्प्रतिष्ठा का संकल्प है। कार्यकर्ताओं को पार्टी के पितृ-पुरुषों के त्याग और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को आदर्श मानते हुए संगठन को बूथ स्तर तक अभेद्य बनाना चाहिए।

ईरानी ने कहा कि चुनाव केवल मतपत्रों या मशीनों से नहीं जीते जाते। चुनाव में कार्यकर्ता का पसीना, जनता से उसका आत्मीय जुड़ाव और संगठन का मजबूत तंत्र निर्णायक भूमिका निभाते हैं।

सादगीपूर्ण स्वागत का संदेश

स्मृति ईरानी और राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के रायपुर पहुंचने पर भाजपा की ओर से सादगीपूर्ण स्वागत किया गया। पार्टी ने बड़े-बड़े फ्लेक्स और पोस्टरों के अनावश्यक प्रदर्शन से बचते हुए केवल पार्टी के ध्वजों के माध्यम से दोनों नेताओं का आत्मीय और अनुशासित स्वागत किया।

‘स्मृति मंदिर’ में भारत माता को नमन

प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी ने सबसे पहले परिसर स्थित ‘स्मृति मंदिर’ में भारत माता और पार्टी के पितृ-पुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया।

दिनभर चलीं संगठनात्मक बैठकें

ईरानी के दौरे के पहले दिन की शुरुआत सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुनने के साथ हुई। इसके बाद सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई।

दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा कर आगामी रणनीति के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद दोपहर 1:30 से 2:30 बजे तक संभाग प्रभारियों, सह-प्रभारियों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

दोपहर 3:30 से शाम 5 बजे तक पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। शाम 5:30 से 7 बजे तक पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई। वहीं, शाम 7 से रात 8:30 बजे तक निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्षों के साथ बैठक कर आगामी लक्ष्यों और रणनीति पर चर्चा की गई।

ये रहे उपस्थित

बैठकों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *