रायपुर। भारतीय योग संस्थान, रायपुर की ओर से 60वां योग दिवस समारोह उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। देवेन्द्र नगर स्थित गुजराती स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शहर के विभिन्न योग केंद्रों से करीब 800 साधकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5.45 बजे हुई।

समारोह में योगाभ्यास के साथ भजन, योग गीत, नवरात्र गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया।
दीप प्रज्वलन और शंखनाद से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ भजन, योग गीत और नवरात्र गीत पर सूक्ष्म क्रियाओं के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल के वाइस प्रेसिडेंट अशोक पटेल तथा भारतीय योग संस्थान के जिला और जोन अधिकारी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद गायत्री मंत्र और शंखनाद के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। अशोक पटेल ने अपने संबोधन में लोगों से योग को केवल अभ्यास तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
800 साधकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
कार्यक्रम में विभिन्न योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में करीब 800 साधकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। रेखा बजाज, सविता मिश्रा, अनीता जोशी, वंदना आहूजा, नीलम नावलानी, पिंकी जैन और सुदेशना मेने समेत प्रशिक्षकों ने विभिन्न योग क्रियाओं और आसनों का अभ्यास कराया।
इस दौरान मक्खन निकालना, तिर्यक ताड़ासन, अर्द्धचक्रासन, कोणासन, उष्ट्रासन और धनुरासन सहित कई आसनों का अभ्यास कराया गया। आसन प्रदर्शन में लक्ष्मी, तनुश्री और अनीता साहू ने सहयोग किया।
प्राणायाम और ध्यान का भी कराया गया अभ्यास
योगाभ्यास के अगले चरण में कपालभाति, भस्त्रिका, भ्रामरी और ध्यान कराया गया। जिला अधिकारी राजेश अग्रवाल और राजेश डागा ने इन अभ्यासों का मार्गदर्शन किया।
इसके बाद शांतिपाठ कराया गया। इस दौरान मुकेश सोनी ने योग को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली के लिए लोगों को प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
समारोह में WRS कॉलोनी और कटोरा तालाब केंद्र-1 एवं 2 के साधकों ने थीम आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और रंग भर दिया।
कार्यक्रम स्थल पर भारतीय योग संस्थान की साहित्य और योग सामग्री का स्टॉल भी लगाया गया। स्टॉल की व्यवस्था में किशोर लालवानी और दम्मानी प्रजापति ने जिम्मेदारी निभाई।
सामूहिक गरबा के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का मंच संचालन जयेश पटेल और पूजा खंडेलवाल ने किया। मंच समन्वय की जिम्मेदारी किरण प्रसाद और रिया फतनानी ने संभाली।
अंत में ओम अग्रवाल और संदीप ने राष्ट्रगान कराया। इसके बाद सामूहिक गरबा नृत्य के साथ समारोह का समापन हुआ। प्रसाद वितरण की व्यवस्था देवेन्द्र नगर की मेजबान टीम की ओर से की गई।
आयोजन में पूरी टीम ने निभाई जिम्मेदारी
कार्यक्रम को सफल बनाने में विनोद अग्रवाल, कंवलजीत, पूनम, क्षमा रहेजा, गीतांजली, लता चौधरी, जया जयसिंघानिया, सोनिया पोपटानी, गणेश शंकर शुक्ला, हर्षपाल, लक्ष्मी प्रसाद विश्वकर्मा और नीतू समेत संस्थान की पूरी टीम ने सहयोग किया।
आयोजकों ने सभी साधकों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता से समारोह सफल रहा।