धमतरी। मंत्रालय में नौकरी और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का पारिजात भवन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में धमतरी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित को मंत्रालय में नौकरी और आवास दिलाने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग माध्यमों से 9.08 लाख रुपये लिए थे। मामले में शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

होटल में हुई थी आरोपियों से मुलाकात
पुलिस के अनुसार, भानपुरी, थाना गुरूर, जिला बालोद निवासी 27 वर्षीय मनीष साहू ने धमतरी सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, फरवरी 2024 में रुद्री रोड स्थित एक होटल में उसकी मुलाकात शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से हुई थी।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताया और उसे छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल से पारिजात भवन आवंटित कराने का झांसा दिया।
मंत्रालय के बाहर ले जाकर दिलाया भरोसा
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए उसे मंत्रालय यानी महानदी भवन ले जाकर बाहर खड़ा किया। इसके बाद पारिजात भवन की कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताई गई।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के जरिए किश्तों में कुल 9 लाख 8 हजार रुपये ले लिए। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी कथित तौर पर लिए गए।
रकम वापस मांगने पर लौटाए 2.98 लाख
शिकायत के मुताबिक, जब मनीष साहू को अपने साथ ठगी होने का संदेह हुआ तो उसने आरोपियों से रकम वापस मांगी। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर 2 लाख 98 हजार 999 रुपये वापस किए, जबकि बाकी रकम वापस नहीं की गई।
इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों गिरफ्तार
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धमतरी सिटी कोतवाली में BNS की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचना के आधार पर शशि प्रभा साहू, पति प्रीतम साहू (50) और अमित कुमार देवांगन, पिता स्व. सुखराम देवांगन (38), को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।