September 15, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह और कर्नल सोफिया कुरैशी से जुड़े विवादित मामले में मंत्री विजय शाह को बड़ी राहत मिलने की खबर है। राजभवन ने मंत्री के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी नहीं देने के कैबिनेट के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। राज्यपाल ने संबंधित फाइल वापस लौटा दी है।

कैबिनेट ने भेजा था अभियोजन की मंजूरी न देने का प्रस्ताव

दरअसल, इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने अपनी जांच पूरी कर सीलबंद रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट के समक्ष पेश की थी। जांच के बाद SIT ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए अभियोजन की स्वीकृति मांगी थी।

इसके बाद प्रदेश सरकार की कैबिनेट ने पिछले सप्ताह मंत्री के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी नहीं देने का प्रस्ताव तैयार कर राजभवन भेजा था। अब राज्यपाल की ओर से इस प्रस्ताव पर मुहर लगाए जाने की जानकारी सामने आई है।

अब सुप्रीम कोर्ट के समक्ष रखी जाएगी पूरी रिपोर्ट

राज्यपाल की मंजूरी के बाद अब मामले से जुड़ी जानकारी और जांच रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। ऐसे में मंत्री विजय शाह के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर अंतिम दिशा सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई और आदेश से तय होगी।

फिलहाल राज्यपाल की ओर से कैबिनेट के प्रस्ताव को मंजूरी मिलना मंत्री विजय शाह के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई अब सुप्रीम कोर्ट के रुख पर निर्भर करेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *