मऊगंज। ग्रामीणों को बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाए गए आयुष्मान आरोग्य मंदिर की बदहाली ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मऊगंज जिले के नईगढ़ी जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत पूर्वा में स्थित यह स्वास्थ्य केंद्र सड़क से करीब 100 मीटर दूर धान के खेतों के बीच बना है। यहां तक पहुंचने के लिए न तो कोई सार्वजनिक रास्ता है और न ही बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं। ग्रामीणों का आरोप है कि डॉक्टर भी नियमित रूप से केंद्र में मौजूद नहीं रहते।

सड़क से 100 मीटर दूर खेतों के बीच बना स्वास्थ्य केंद्र
ग्राम पंचायत पूर्वा का आयुष्मान आरोग्य केंद्र कागजों में ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए संचालित है, लेकिन मौके की स्थिति अलग नजर आती है। केंद्र तक पहुंचने के लिए धान के खेतों और कीचड़ भरी पगडंडियों से होकर गुजरना पड़ता है। अस्पताल के मुख्य दरवाजे के सामने निजी जमीन पर धान की फसल लगी हुई है।
ऐसे में मरीजों के लिए स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना भी चुनौती बना हुआ है। बारिश के दिनों में खेतों में पानी भर जाने से रास्ता और मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक, इसका सबसे ज्यादा असर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार मरीजों पर पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप- नियमित नहीं खुलता अस्पताल
ग्रामीण हेमराज शर्मा ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य केंद्र नियमित रूप से नहीं खुलता। उनके मुताबिक, डॉक्टर प्रियंका वर्मा कभी-कभार आती हैं और करीब एक घंटे रुकने के बाद चली जाती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मरीजों को इलाज के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है।
जनपद पंचायत नईगढ़ी की अध्यक्ष ममता तिवारी के पति कुंजबिहारी तिवारी ने भी डॉक्टरों की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाए हैं।
NEWS24 MP-CG और Lalluram.com की टीम जब सुबह 11:30 बजे स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, तो वहां कोई डॉक्टर या अन्य स्टाफ मौजूद नहीं था। ग्रामीणों ने बताया कि डॉक्टर कभी-कभार महज 10 मिनट के लिए आती हैं या फिर टीकाकरण के दिन कुछ अधिक समय तक रुकती हैं।
बीएमओ के दो अलग-अलग बयानों से उठे सवाल
स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति को लेकर जब ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) से पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो उनके बयान में विरोधाभास सामने आया। शुरुआत में उन्होंने कहा कि पूर्वा का अस्पताल अभी बना ही नहीं है, इसलिए चालू नहीं है।
हालांकि, जब उन्हें मौके पर मौजूद भवन और उसकी स्थिति के बारे में बताया गया, तो उन्होंने कहा कि अस्पताल चालू है और वहां सीएचओ, एएनएम तथा आशा कार्यकर्ता पदस्थ हैं।
बीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने के लिए बगल के घर की ओर से रास्ता होने की बात कही। लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक, यह रास्ता किसी निजी व्यक्ति के घर का है, न कि स्वास्थ्य केंद्र के लिए बनाया गया सार्वजनिक संपर्क मार्ग।
भवन बना, लेकिन मरीजों की पहुंच का इंतजाम नहीं
सरकारी योजनाओं के तहत स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी दवाएं और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं। लेकिन पूर्वा के आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्थिति इन दावों के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करती है।
ग्रामीणों की मांग है कि स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने के लिए सार्वजनिक रास्ता बनाया जाए और बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को इलाज के लिए भटकना न पड़े।
फिलहाल सवाल यही है कि जब स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने का रास्ता ही नहीं है और वहां नियमित स्वास्थ्य सेवाएं मिलने का भरोसा भी नहीं, तो ग्रामीणों को इस केंद्र का लाभ आखिर कैसे मिलेगा?