भोपाल। मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि आगामी 15 जनवरी 2027 को देश का सेना दिवस समारोह राजधानी भोपाल में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन के लिए रक्षा मंत्रालय और सभी संबंधित आयोजकों का आभार जताया।

सेना दिवस की मेजबानी मिलना प्रदेश के लिए गर्व की बात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश की वीरता और शौर्य की गौरवगाथा से जुड़े ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी मध्य प्रदेश को मिलना गर्व का विषय है। यह प्रदेशवासियों के लिए भारतीय सेना के पराक्रम को नमन करने और जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष अवसर होगा।
उन्होंने कहा कि सेना दिवस समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए राज्य सरकार और संबंधित विभाग पूरी तैयारी के साथ जुटेंगे।
स्थापना दिवस कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी की सराहना
मुख्यमंत्री ने स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रमों के दौरान प्रदेश के युवाओं और छात्र-छात्राओं के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने विभिन्न जिलों से मिट्टी के कलश लेकर पहुंचे विद्यार्थियों का अभिनंदन किया।
सीएम ने कहा कि भारत युवाओं का देश है। राष्ट्र और प्रदेश के विकास में युवाओं की ऊर्जा और सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं के सहयोग से मध्य प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
समृद्ध और सशक्त प्रदेश बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को 71वें स्थापना दिवस की एक बार फिर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समृद्ध, सशक्त और संवेदनशील मध्य प्रदेश के निर्माण के संकल्प को दोहराया।