उज्जैन। देवास रोड स्थित प्रतिष्ठित होटल श्री गंगा में शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। होटल के वेस्टेज चैंबर की सफाई करने उतरे चार कर्मचारियों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। चैंबर में फंसे कर्मचारियों को निकालने के लिए बचाव दल को इलेक्ट्रिक कटर से उसका एक हिस्सा काटना पड़ा। हादसे में कुछ अन्य कर्मचारी भी गैस के प्रभाव से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रात 10:30 बजे सफाई के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होटल के दाईं ओर मिष्ठान, डेयरी उत्पाद और खाद्य सामग्री के वेस्टेज के लिए चैंबर बनाया गया है। शनिवार रात करीब 10:30 बजे कुछ कर्मचारी इसकी सफाई के लिए अंदर उतरे थे। बताया जा रहा है कि चैंबर में जमा कचरे से जहरीली गैस बन गई थी। इसकी चपेट में आने से कर्मचारी अचेत हो गए और बाहर नहीं निकल सके।
साथियों को फंसा देखकर होटल के कुछ अन्य कर्मचारी उन्हें बचाने पहुंचे। इस दौरान वे भी गैस के प्रभाव में आकर घायल हो गए।
इलेक्ट्रिक कटर से काटना पड़ा चैंबर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। चैंबर संकरा होने के कारण कर्मचारियों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई। इसके बाद इलेक्ट्रिक कटर की मदद से चैंबर का हिस्सा काटा गया और अंदर फंसे कर्मचारियों को बाहर निकाला गया।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने अचेत कर्मचारियों को सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन चारों की जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले चार कर्मचारियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- कमलेश पिता सोहनलाल, निवासी वाल्मीकि नगर, उज्जैन
- नितिन पिता ताराचंद, निवासी वाल्मीकि नगर, उज्जैन
- वाहिद, निवासी सोमवरिया, उज्जैन
- मनोज मीणा, निवासी झालावाड़, राजस्थान
कलेक्टर और एसपी ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की। प्रशासन ने वेस्टेज चैंबर के आसपास का क्षेत्र सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।
अब इस बात की पड़ताल की जा रही है कि सफाई के दौरान कर्मचारियों को जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं। साथ ही होटल प्रबंधन की ओर से सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच होगी।
इस तरह के वेस्टेज चैंबर में खाद्य पदार्थों के अवशेष, चाशनी, घी-तेल और गंदा पानी जमा होता है। ऐसे बंद और गहरे स्थानों में जहरीली गैस बनने का खतरा रहता है। प्रशासन की जांच के बाद ही हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।