November 22, 2026

जगदलपुर। बस्तर में बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों एवं आम लोगों को राहत राशि नहीं मिलने का मुद्दा अब राजनीतिक रूप लेने लगा है। बुधवार को जगदलपुर के आमागुड़ा चौक पर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

समझाइश के बाद भी नहीं माने प्रदर्शनकारी

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत कर चक्काजाम खत्म कराने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाया और यातायात बहाल कराने की कार्रवाई की।

किसानों को 65 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों और परिवारों को अब तक उचित मुआवजा एवं राहत राशि नहीं मिली है। पार्टी ने प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ 65 हजार रुपये देने और प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *