November 25, 2026

जबलपुर। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में अंगदान की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद 40 वर्षीय नरेंद्र रजक को डॉक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया था। इस कठिन समय में उनकी पत्नी पूजा रजक और परिजनों ने उनके अंगदान का फैसला लिया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने दो ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अंगों को अलग-अलग अस्पतालों और एयरपोर्ट तक पहुंचाया। इस महादान से पांच जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलने की उम्मीद है।

सड़क हादसे में घायल हुए थे नरेंद्र रजक

जानकारी के मुताबिक, निजी कंपनी में काम करने वाले नरेंद्र रजक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इसके बाद पत्नी पूजा रजक और परिवार के अन्य सदस्यों ने अंगदान की सहमति दी। परिजनों के इस फैसले के बाद अस्पताल प्रशासन ने अंगदान की प्रक्रिया शुरू की।

दो ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पहुंचाए गए अंग

अंगों को निर्धारित समय में अस्पतालों और एयरपोर्ट तक पहुंचाने के लिए जबलपुर में दो ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए।

  • पहला ग्रीन कॉरिडोर: मेट्रो हॉस्पिटल से डुमना एयरपोर्ट तक बनाया गया।
  • दूसरा ग्रीन कॉरिडोर: मेट्रो हॉस्पिटल से नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज तक बनाया गया।

परिजनों की सहमति से नरेंद्र रजक की दो किडनी, लिवर, आंखें और त्वचा दान की गई।

चार्टर्ड विमान से अहमदाबाद भेजा गया लिवर

लिवर लेने के लिए अहमदाबाद से डॉक्टरों की एक विशेष टीम चार्टर्ड विमान से जबलपुर पहुंची थी। ग्रीन कॉरिडोर की मदद से लिवर को मेट्रो हॉस्पिटल से डुमना एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया। इसके बाद डॉक्टरों की टीम उसे लेकर चार्टर्ड विमान से अहमदाबाद रवाना हुई।

दो अस्पतालों में होगा किडनी प्रत्यारोपण

दान की गई एक किडनी मेट्रो हॉस्पिटल में भर्ती मरीज को प्रत्यारोपित की जाएगी, जबकि दूसरी किडनी नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज भेजी गई है।

डॉक्टरों के मुताबिक, हृदय की स्थिति खराब होने के कारण हार्ट ट्रांसप्लांट नहीं किया जा सका। नरेंद्र रजक के अंगदान से कई जरूरतमंद मरीजों को नई जिंदगी मिलने की उम्मीद है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *