रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव और विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए 30 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच छह केंद्रीय मंत्री प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इनमें केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी शामिल हैं।

3 नवंबर को राज्योत्सव के समापन में शामिल होंगे अमित शाह
तीन नवंबर को राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजधानी रायपुर में मौजूद रहेंगे। राज्य सरकार के अनुसार, नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराया है। नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए 31 मार्च 2026 की समय-सीमा तय की गई थी।
पीएम आवास और बस्तर पुनर्निर्माण पर केंद्र का सहयोग
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ समन्वय का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 24 लाख 50 हजार प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। इसके अलावा नक्सल प्रभावित परिवारों और आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए 15 हजार विशेष आवास भी मंजूर किए गए हैं। सरकार इसे बस्तर के पुनर्निर्माण की दिशा में अहम कदम बता रही है।
किसानों के लिए खाद की उपलब्धता का दावा
राज्य सरकार के मुताबिक, पिछले खरीफ सीजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के सहयोग से छत्तीसगढ़ के लिए 50 हजार मीट्रिक टन यूरिया और 50 हजार मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध कराई गई थी। इस बार भी अतिरिक्त डीएपी उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
डॉ. वीरेंद्र कुमार और मनसुख मांडविया के कार्यक्रम
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार 30 और 31 अक्टूबर को रायपुर और बिलासपुर के दौरे पर रहेंगे। राज्य सरकार के अनुसार, वंचित वर्गों के कल्याण से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय मंत्री के बीच पहले भी चर्चा हुई है।
वहीं, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया राज्योत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। राज्य सरकार ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के आयोजन और ईएसआईसी अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण को केंद्र और राज्य के समन्वय का उदाहरण बताया है।
जी. किशन रेड्डी एनआईटी के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी 3 नवंबर को एनआईटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वे एक समीक्षा बैठक में भी हिस्सा लेंगे। खनन प्रभावित परिवारों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के बीच चर्चा होने की जानकारी भी दी गई है।