September 15, 2026

जबलपुर। कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन राज्यसभा चुनाव के दौरान अपना नामांकन पत्र खारिज किए जाने के मामले में कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए जबलपुर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि वह नियमानुसार इस मामले को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए चुनाव याचिका दाखिल करेंगी।

मीडिया से चर्चा के दौरान मीनाक्षी नटराजन ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनका नामांकन पत्र एक सुनियोजित साजिश के तहत निरस्त किया गया। उन्होंने कहा, “समझौतावादी चुनाव आयोग के समझौतावादी अधिकारियों ने यह साजिश रची। हम लोकतंत्र और संवैधानिक प्रक्रिया में विश्वास रखते हैं, इसलिए इस अन्याय के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटा रहे हैं।”

राम मंदिर चोरी मामले में सरकार पर हमला

अयोध्या के राम मंदिर में चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेत्री ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह घटना देश की अंतरात्मा को झकझोरने वाली है और इससे सरकार की नैतिक एवं प्रशासनिक विफलता उजागर होती है।

NEET आंदोलन और पुलिस कार्रवाई की आलोचना

मीनाक्षी नटराजन ने NEET परीक्षा को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने इसे लोकतंत्र के इतिहास का “काला दिन” बताते हुए छात्रों पर लाठीचार्ज और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हिरासत में लिए जाने की निंदा की।

उन्होंने कहा कि संविधान के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है और ऐसे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग स्वीकार्य नहीं है। NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और उससे जुड़े अभ्यर्थियों की आत्महत्या की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उनके अनुसार, युवाओं का “संसद मार्च” देश की राजनीति में महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकता है।

सरकार पर विरोध की आवाज दबाने का आरोप

कांग्रेस नेत्री ने किसान आंदोलन, CAA विरोध प्रदर्शन और भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार अपनी नीतियों का विरोध करने वालों को देशद्रोही बताकर उनकी आवाज दबाने का प्रयास करती है।

उन्होंने कहा, “युवाओं और देश की यह लड़ाई भारत के खिलाफ नहीं, बल्कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ है। लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और अब सरकार का वास्तविक चेहरा जनता के सामने आ रहा है।”

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *