November 19, 2026

नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और लोकपरंपराओं के रंगों से सजे राज्योत्सव 2026 का समापन 3 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में होगा। समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर राज्य अलंकरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।

राज्योत्सव के अंतिम दिन मुख्य मंच पर पद्मश्री पंडवानी गायिका उषा बारले और बॉलीवुड के पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुतियां होंगी। वहीं शिल्पग्राम में प्रदेश के अलग-अलग अंचलों के कलाकार लोकनृत्य, आदिवासी संगीत, कथक, भजन और नाट्य प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता पेश करेंगे।

अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में राज्य अलंकरण समारोह

3 नवंबर को शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में होने वाले इस कार्यक्रम में कला, संस्कृति, साहित्य और समाज सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।

मुख्य मंच पर उषा बारले और अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुति

राज्योत्सव के अंतिम दिन मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। शाम 6 से 6:30 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद 6:30 से 7 बजे तक पद्मश्री उषा बारले पंडवानी गायन के जरिए दर्शकों को छत्तीसगढ़ की लोक और आध्यात्मिक परंपरा से परिचित कराएंगी।

राज्य अलंकरण समारोह के बाद रात 9 बजे से बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगे। उनकी गायकी के साथ राज्योत्सव की अंतिम शाम का समापन होगा।

शिल्पग्राम में होंगी दस सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

शिल्पग्राम मंच पर दोपहर 3 बजे से कुल दस सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इनमें पंथी नृत्य, आदिवासी लोकसंगीत, कथक, भजन, सूफी संगीत, लोकमंच और नाट्य प्रस्तुतियां शामिल हैं।

रायपुर की आस्था भट्ट भजन गायन करेंगी, जबकि दुर्ग की आरती बारले पंथी नृत्य प्रस्तुत करेंगी। कबीरधाम के राकेश सेन लोकमंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ की परंपराओं की झलक दिखाएंगे। रायपुर के दिनेश कुमार जांगड़े पंथी नृत्य और पूर्णिमा साहू जसगीत एवं जगराता भजनों की प्रस्तुति देंगी।

आदिवासी संगीत, कथक और सूफी गायन का संगम

शिल्पग्राम में अभिषेक सोनकर आदिवासी लोकसंगीत एवं नृत्य प्रस्तुत करेंगे। दीपाली पाण्डेय कथक समूह नृत्य और अनुष्णा रॉय चौधरी कथक की प्रस्तुति देंगी। वहीं वृद्धुमन वचस्पति भारती सूफी संगीत से दर्शकों को रूबरू कराएंगे। आनंदकुमार पाण्डेय की नाट्य प्रस्तुति भी कार्यक्रम का हिस्सा होगी।

स्थानीय कलाकारों को मंच देने पर जोर : मंत्री राजेश अग्रवाल

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की कला, संस्कृति, लोकपरंपराओं और जनजातीय विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंडवानी, पंथी, सुआ, करमा, लोकगीत और आदिवासी नृत्य छत्तीसगढ़ की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं।

मंत्री के अनुसार, राज्योत्सव में राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ स्थानीय लोककलाकारों को भी प्रमुखता दी गई है। इससे प्रदेश के कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को व्यापक पहचान मिलेगी।

तीन दिवसीय राज्योत्सव के दौरान शिल्पग्राम में कुल 30 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। समापन दिवस पर राज्य अलंकरण, पंडवानी, लोकनृत्य और बॉलीवुड संगीत के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *