बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में यात्रियों से भरी चलती बस में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस जलकर राख हो गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मालीघोरी गांव के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सुपर आनंद कंपनी की बस राजनांदगांव से बालोद की ओर आ रही थी। इसी दौरान मालीघोरी गांव के पास बस में अचानक आग लग गई। घटना के वक्त बस में करीब 10 से 15 यात्री सवार थे।
बस से आग की लपटें उठती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल बस से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए।
आग बुझाने की कोशिश नाकाम
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई।
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। सूचना मिलने के बाद बालोद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।