November 8, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ उद्योग विभाग (सीएसआईडीसी) और छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को रायपुर के विमतारा में आयोजित ‘गढ़बो हमर व्यापार’ प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्यापारियों का उत्साह देखने को मिला। आयोजकों की अपेक्षा से अधिक संख्या में व्यापारियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ के पांचों संभागों से पहुंचे प्रतिभागियों को व्यापार विस्तार, सरकारी योजनाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में शामिल व्यापारियों ने इस पहल की सराहना की और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नियमित रूप से अलग-अलग संभागों एवं जिलों में आयोजित करने की मांग की, ताकि अधिक से अधिक व्यापारियों को इसका लाभ मिल सके।

औद्योगिक नीति और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

उद्योग विभाग की असिस्टेंट डायरेक्टर सोमानी मंडलोई ने छत्तीसगढ़ शासन की औद्योगिक नीति 2024–2030 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने नए उद्योगों की स्थापना, स्टार्टअप, नवाचार और विभिन्न श्रेणियों की औद्योगिक इकाइयों को मिलने वाले प्रोत्साहन एवं सब्सिडी के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने सूक्ष्म, लघु, मध्यम और बड़ी औद्योगिक इकाइयों के लिए उपलब्ध योजनाओं तथा पात्रता के अनुसार मिलने वाली सरकारी सहायता की जानकारी भी साझा की। इस सत्र का उद्देश्य व्यापारियों और नए उद्यमियों को सरकारी योजनाओं से अवगत कराकर उद्योग एवं व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

टैक्स, ऑनलाइन कारोबार और ONDC पर मार्गदर्शन

प्रशिक्षक सीए विवेक कुमार साहू ने टैक्स से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने व्यापारियों को कर संबंधी नियमों और व्यावसायिक प्रक्रियाओं को समझने के लिए मार्गदर्शन दिया।

वहीं, अभिजीत राय ने ऑनलाइन व्यापार और ONDC के संबंध में जानकारी देते हुए डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए कारोबार को विस्तार देने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

AI और पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग पर विशेष सत्र

AI विशेषज्ञ सौरभ सराफ ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग और व्यापारिक गतिविधियों में इसकी उपयोगिता के बारे में बताया। उन्होंने आधुनिक तकनीक के माध्यम से व्यावसायिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के तरीकों की जानकारी दी।

पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग पर SPIU, CSIDC के आनंद वर्धन ने सत्र लिया। उन्होंने व्यवसाय में पर्यावरण के अनुकूल पैकेजिंग अपनाने की जरूरत और इसके महत्व को समझाया।

छोटे व्यापारियों को आगे बढ़ाना महासंघ का उद्देश्य: शेखर वर्मा

छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शेखर वर्मा ने कहा कि महासंघ की स्थापना के समय से ही छोटे व्यापारियों को आगे बढ़ाना, उनकी व्यावसायिक समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना और छत्तीसगढ़िया समाज के लोगों को व्यापार एवं उद्योग के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना प्रमुख उद्देश्य रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापारियों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें नई जानकारियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के जरिए व्यापारियों को मार्गदर्शन देने का सिलसिला जारी रहेगा।

संभाग और जिला स्तर पर नियमित आयोजन की मांग

महासंघ के उपाध्यक्ष दिलीप टिकरिया और ईश्वर पटेल ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश के पांचों संभागों से बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी से स्पष्ट है कि व्यापारी अपने कारोबार को नई दिशा देने, सरकारी योजनाओं की जानकारी हासिल करने और आधुनिक तकनीक अपनाने के इच्छुक हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से संभाग और जिला स्तर पर आयोजित करने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाणपत्र भी जारी किए जाएंगे।

स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी और आपसी सहयोग पर जोर

महासंघ के महासचिव कुबेर चंद्राकर ने प्रशिक्षकों और कार्यक्रम में शामिल सभी व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़िया व्यापारियों को एकजुट होकर आगे बढ़ने की जरूरत है। यदि व्यापारी एक-दूसरे के कारोबार को सहयोग दें और स्थानीय स्तर पर खरीदारी को प्रोत्साहित करें, तो इससे व्यापार का विस्तार होगा और स्थानीय उद्यमियों को भी आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि आपसी विश्वास, सहयोग और संगठन की मजबूती के जरिए स्थानीय व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में महासंघ के उपाध्यक्ष आशीष साहू एवं पुनारद निषाद, कोषाध्यक्ष ललित साहू, विजय चंद्रवंशी, गुलाब साहू, दिनेश सारसीहा, देवेंद्र सांभकर, रामशरण टंडन, घनश्याम सिन्हा, नागेश्वर वर्मा, टीकम सिंह ठाकुर, पारस पटेल, यश साहू, त्रिलोचन साहू, लक्ष्मण साहू, गोविंद यादव, लालजी साहू, नारायण साहू और रजनी चंद्रवंशी सहित पांचों संभागों से आए अनेक व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *