भोपाल। रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड के आरोपी वरुण कुमार का भोपाल में शॉर्ट एनकाउंटर हुआ है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पुलिस गिरफ्त से भागने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान हुई झूमाझटकी के बाद उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आगरा से भोपाल लाते समय भागने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, भोपाल पुलिस ने आरोपी वरुण कुमार को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया था। रातीबड़ थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों की टीम उसे लेकर भोपाल लौट रही थी।
इसी दौरान मंगलवार तड़के करीब 4:45 से 5 बजे के बीच मुगलिया छाप के पास आरोपी ने पुलिस गिरफ्त से भागने की कोशिश की। पुलिस और आरोपी के बीच झूमाझटकी हुई। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई में वरुण के पैर में गोली लग गई।
30 सितंबर को हुई थी रिटायर्ड IAS की हत्या
गौरतलब है कि 30 सितंबर को भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरजनगर में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या कर दी गई थी। वह अपनी पत्नी के साथ रहते थे। बताया गया कि वारदात से दो दिन पहले ही उन्होंने घर पर वरुण कुमार नाम के युवक को नौकर रखा था।
हत्या के बाद से वरुण गायब था। वह राकेश अग्रवाल का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोबाइल को बार-बार ऑन और ऑफ कर जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। आगरा से गिरफ्तारी के बाद उसे भोपाल लाया जा रहा था, तभी भागने की कोशिश में यह घटना हुई।