November 11, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने 26 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने रीवा में प्रस्तावित परमाणु संयंत्र, पन्ना में केन-बेतवा लिंक परियोजना के विस्थापितों को मुआवजा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान और राज्यसभा उपचुनाव को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

रीवा में परमाणु संयंत्र के नाम पर फर्जीवाड़े का आरोप

उमंग सिंघार ने विंध्य क्षेत्र के दौरे का हवाला देते हुए कहा कि रीवा के सिरमौर क्षेत्र के सरई-रोझौही और मनगवां इलाके में प्रस्तावित परमाणु परियोजना से आदिवासी और दलित समुदाय के लोग प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामसभा ने परियोजना के लिए सहमति देने से इनकार किया था, इसके बावजूद कथित तौर पर फर्जी सरपंच के पत्र के आधार पर बोरिंग की अनुमति दिखाई जा रही है।

सिंघार ने सवाल उठाया कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में परमाणु संयंत्र स्थापित करना कितना उचित है। उन्होंने सरकार पर उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने और गरीबों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।

केन-बेतवा परियोजना के मुआवजे पर भी सवाल

पन्ना जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित परिवारों का मुद्दा उठाते हुए सिंघार ने कहा कि वे प्रभावित लोगों और कलेक्टर से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना से प्रभावित नहीं होने वाले लोगों को भी मुआवजा राशि बांटी गई है, जबकि वास्तविक विस्थापित परिवारों की अब तक उचित जांच नहीं कराई गई।

सिंघार के मुताबिक, प्रभावित परिवारों के संयुक्त बैंक खाते भी अब तक नहीं खोले गए हैं। उन्होंने सरकार से मुआवजा वितरण की जांच कराने और वास्तविक प्रभावितों को उनका अधिकार देने की मांग की।

खरगे के बयान पर बोले- पहले संदर्भ समझना जरूरी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के विवादित बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर सिंघार ने कहा कि उन्होंने खरगे का वह बयान नहीं सुना है। उनके मुताबिक, किसी भी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देने से पहले यह समझना जरूरी है कि बात किस संदर्भ और किस भाव में कही गई थी।

खरगे के बयान के विरोध में भाजपा द्वारा कांग्रेस कार्यालय के घेराव को लेकर सिंघार ने सवाल उठाए। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा आखिर किस बात का विरोध कर रही है। उन्होंने भाजपा पर आरएसएस का झंडा उठाकर चलने का तंज भी कसा।

राज्यसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना

मध्य प्रदेश की खाली हुई राज्यसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर सिंघार ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को आम जनता के मुद्दों से सरोकार नहीं है और वह अपनी मर्जी से मुख्यमंत्री, विधायक और सांसद तय करती है। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में सरकारी संस्थाओं के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी टिप्पणी की।

राज्यसभा उपचुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी को लेकर पूछे गए सवाल पर सिंघार ने कहा कि उम्मीदवार के संबंध में पार्टी का निर्णय समय आने पर सामने आ जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *