November 5, 2026

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में लौह खदान की तीन गाड़ियों में आग लगाने और घटनास्थल पर ‘लाल सलाम’ लिखा पर्चा छोड़ने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने गांव में लौह खदान का संचालन नहीं चाहते थे।

चेमल के पास पुष्प ब्लॉक खदान में हुई थी आगजनी

मामला कांकेर जिले के लोहत्तर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चेमल के पास स्थित पुष्प ब्लॉक लौह खदान का है। यहां खदान में इस्तेमाल होने वाली तीन गाड़ियों में आग लगा दी गई थी। घटनास्थल पर ‘लाल सलाम’ लिखा हुआ पर्चा भी छोड़ा गया था।

घटना के तरीके को देखते हुए पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की भी पहचान

पुलिस ने इस मामले में सहदेव तुलावी, प्रेम सिंह कोरेटी, ओम प्रकाश कचलाम, बृजलाल सलाम और शिवलाल तुलावी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सहदेव तुलावी को इस घटना का मुख्य कर्ता-धर्ता बताया जा रहा है।

जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, आरोपी अपने गांव में लौह खदान नहीं चाहते थे। इसी विरोध को घटना की वजह बताया जा रहा है।

आगजनी और धमकी समेत कई धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार, आरोपी खदान के आसपास स्थित बोदेली और एडगुड गांव के निवासी हैं। उनके खिलाफ आगजनी, संगठित अपराध, पहचान छिपाकर अपराध करने और जान से मारने की धमकी सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तारी के बाद सभी पांच आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *