रायपुर। छत्तीसगढ़ को विज्ञान, तकनीक, उच्च शिक्षा और चिकित्सा अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु के साथ सहयोग की पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में रायपुर स्थित निवास कार्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में तीन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर चर्चा हुई। इनमें विश्वस्तरीय मटेरियल कैरेक्टराइजेशन एंड टेस्टिंग सेंटर, विज्ञान एवं गणित शिक्षकों के लिए एकीकृत बीएससी-बीएड संस्थान और चिकित्सा अनुसंधान एवं स्वास्थ्य तकनीक के क्षेत्र में सहयोग शामिल है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को केवल औद्योगिक और आर्थिक विकास ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में भी अग्रणी बनाना चाहती है। इसके लिए प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों, औद्योगिक संभावनाओं और प्रतिभाशाली युवाओं को आधुनिक अनुसंधान से जोड़ने की जरूरत है।
IISc के साथ तीन परियोजनाओं पर सहयोग की तैयारी
बैठक में IISc के निदेशक प्रोफेसर जी. रंगराजन और संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए वैज्ञानिक अधोसंरचना, संस्थागत व्यवस्थाओं और क्रियान्वयन की प्रारंभिक रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावों की तकनीकी, वित्तीय और संस्थागत व्यवहार्यता का गंभीरता से अध्ययन कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि IISc की विशेषज्ञता का लाभ प्रदेश के विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, उद्योगों, स्वास्थ्य सेवाओं और युवाओं तक पहुंचना चाहिए।
मटेरियल टेस्टिंग सेंटर से उद्योगों को मिलेगी अनुसंधान सुविधा
छत्तीसगढ़ में विश्वस्तरीय मटेरियल कैरेक्टराइजेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी स्थापित करने के प्रस्ताव पर विशेष चर्चा हुई। यह केंद्र खनिज, इस्पात, धातु, ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण और महत्वपूर्ण खनिजों से जुड़े उद्योगों के लिए उपयोगी हो सकता है।
प्रस्तावित केंद्र में अत्याधुनिक माइक्रोस्कोपी, एक्स-रे आधारित विश्लेषण, उच्च तापमान पर पदार्थों का परीक्षण, नैनो टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक एवं चुंबकीय पदार्थों का अध्ययन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित वैज्ञानिक विश्लेषण जैसी सुविधाएं विकसित करने की परिकल्पना है।
इस केंद्र में करीब 600 शोधार्थियों और विद्यार्थियों के आवासीय प्रशिक्षण की क्षमता विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके माध्यम से तीन वर्षों में लगभग 1,800 विद्यार्थियों को उन्नत वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
इससे प्रदेश के विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग संस्थानों, शोधार्थियों, स्टार्टअप और औद्योगिक इकाइयों को उच्चस्तरीय परीक्षण सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही अनुसंधान में लगने वाले समय और लागत को कम करने तथा उद्योगों की तकनीकी क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
विज्ञान और गणित के शिक्षकों के लिए चार वर्षीय बीएससी-बीएड संस्थान
दूसरी परियोजना के तहत IISc के अकादमिक मार्गदर्शन में चार वर्षीय एकीकृत बीएससी-बीएड पाठ्यक्रम संचालित करने वाले विशेष संस्थान की स्थापना के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इसका उद्देश्य विज्ञान और गणित विषयों के लिए उच्च प्रशिक्षित शिक्षकों की नई पीढ़ी तैयार करना है।
प्रस्तावित पाठ्यक्रम में भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित के साथ आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, वैज्ञानिक अनुसंधान, संचार कौशल, आलोचनात्मक चिंतन और समस्या समाधान पर जोर दिया जाएगा।
संस्थान में 14 आधुनिक शिक्षण प्रयोगशालाएं, 600 विद्यार्थियों की आवासीय क्षमता, पुस्तकालय, डिजिटल शिक्षण सुविधाएं, व्याख्यान कक्ष और खेल सुविधाएं विकसित करने की परिकल्पना है। यहां 25 पूर्णकालिक शिक्षकों की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
IISc की ओर से पाठ्यक्रम निर्माण, प्रयोगशाला विकास, शिक्षक प्रशिक्षण और शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मार्गदर्शन की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा के लिए विज्ञान और गणित के दक्ष शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस पहल से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर विज्ञान शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।
मेडिकल रिसर्च और डिजिटल हेल्थ में भी सहयोग
तीसरी परियोजना के तहत IISc के मेडिकल स्कूल की विशेषज्ञता का लाभ छत्तीसगढ़ तक पहुंचाने पर विचार किया गया। इसमें किफायती चिकित्सा जांच तकनीक, आधुनिक चिकित्सा उपकरण, डिजिटल हेल्थ, एआई आधारित स्वास्थ्य सेवाएं, क्लिनिकल रिसर्च और चिकित्सा क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन के विकास को प्राथमिकता दी गई है।
प्रारंभिक चरण में पूर्ण मेडिकल स्कूल स्थापित करने के बजाय हब एंड नेटवर्क मॉडल अपनाने की संभावना पर चर्चा हुई। इसके तहत IISc को छत्तीसगढ़ के अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, सरकारी संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों से जोड़कर संयुक्त अनुसंधान और तकनीकी विकास किया जा सकता है।
इसमें संयुक्त अनुसंधान प्रयोगशालाएं, चिकित्सा तकनीकों के परीक्षण एवं सत्यापन केंद्र, फेलोशिप और विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित करने के प्रस्ताव शामिल हैं। बैठक में बेंगलुरु स्थित टाटा IISc मेडिकल स्कूल के अनुभवों का भी उल्लेख किया गया। कैंसर, हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी, अंग प्रत्यारोपण और रोबोटिक सर्जरी जैसे क्षेत्रों में इसकी विशेषज्ञता का लाभ लेने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
बस्तर-सरगुजा के युवाओं को अनुसंधान से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर, सरगुजा और प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में प्रतिभाशाली युवाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें आधुनिक प्रयोगशालाओं, वैज्ञानिक मार्गदर्शन और तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने की है।
बैठक में स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन अनुसंधान इंटर्नशिप, प्रयोगशाला तकनीकों का प्रशिक्षण और विशेषज्ञ वैज्ञानिकों के व्याख्यान आयोजित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जैव प्रौद्योगिकी और बुनियादी विज्ञान में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित करने पर भी विचार किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन अवसरों में शासकीय शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों के विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि वे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैज्ञानिक अनुसंधान में आगे बढ़ सकें।
बस्तर और सुकमा में जल संरक्षण तकनीकों पर भी चर्चा
बैठक में जल संरक्षण, भूजल संवर्धन और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप तकनीकी समाधान विकसित करने के विषय पर भी चर्चा हुई। IISc के वैज्ञानिकों ने बस्तर और सुकमा सहित विभिन्न क्षेत्रों में बिजली के बिना जल प्रवाह की ऊर्जा से चलने वाले पंपिंग सिस्टम के उपयोग संबंधी जानकारी दी।
हाइड्रोलिक रैम और टरबाइन पंप आधारित तकनीकें दूरस्थ वनांचलों में उपयोगी हो सकती हैं, जहां बिजली आधारित जलापूर्ति व्यवस्था का संचालन कठिन होता है। इसके अलावा शोधित जल के पुनर्चक्रण, जलाशयों के पुनर्भरण और भूजल संवर्धन पर भी विचार किया गया।
इस दौरान कर्नाटक के कोलार जिले की उस परियोजना का उदाहरण दिया गया, जिसमें प्रतिदिन 440 मिलियन लीटर शोधित जल को 137 जलाशयों तक पहुंचाया जाता है। इसकी उपयोगिता का अध्ययन कर छत्तीसगढ़ में जल प्रबंधन के लिए उपयुक्त समाधान विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्य में विज्ञान और नवाचार की भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान और अनुसंधान में निवेश प्रदेश के दीर्घकालिक विकास, औद्योगिक प्रतिस्पर्धा और युवाओं के भविष्य में निवेश है। वैज्ञानिक अनुसंधान का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसका उपयोग ग्रामीण जीवन को सुगम बनाने तथा स्थानीय समस्याओं के स्थायी समाधान में होना चाहिए।
बैठक में IISc के निदेशक प्रोफेसर जी. रंगराजन, प्रशासन एवं वित्त संकाय के डीन प्रोफेसर पी.एस. अनिल कुमार, मैकेनिकल साइंसेज डिवीजन के डीन प्रोफेसर सत्यम सुवास और बायोलॉजिकल साइंसेज डिवीजन के डीन प्रोफेसर सतीश राघवन शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ शासन की ओर से निवेश आयुक्त सुऋतु सेन, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, कौशल विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजू सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।