मंडला: मध्य प्रदेश के मंडला जिले में बिछिया थाना क्षेत्र के सिझौरा स्थित फोक चौराहे के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। इसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

2-3 दिनों से लापता था राजू यादव
मृतक की पहचान राजू यादव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह पिछले 2 से 3 दिनों से घर से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच सुबह राहगीरों ने फोक चौराहे के पास शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। राजू का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आशंका जताई है कि युवक की हत्या की गई है। हालांकि, मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत की वजह का खुलासा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।