अल्लूरी सीताराम राजू। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू (ASR) जिले में शनिवार सुबह सड़क निर्माण कार्य के दौरान भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में एक चालक और चार मजदूरों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। घटना अनंतगिरि मंडल के पिनाकोटा की है।

जिलेटिन की छड़ों से जुड़े विस्फोटक उपकरण में हुआ धमाका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य के दौरान जिलेटिन की छड़ों से जुड़े विस्फोटक उपकरण में अचानक धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और इसकी चपेट में आकर पांच लोगों की जान चली गई। धमाके से दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किन कारणों की भूमिका रही, इसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे की विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।
इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।