September 15, 2026

सागर। मध्य प्रदेश के चर्चित सागर जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, बहरोल थाना क्षेत्र के जंगलों में हुई कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जंगल में पुलिस से हुआ आमना-सामना

पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिवांजय राजपूत बहरोल के जंगलों और कठुआ नाला के आसपास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही बांदरी और बहरोल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू की।

पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देखकर आरोपी ने टीम पर जानलेवा नीयत से तीन राउंड फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी।

गोली लगने के बाद आरोपी घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे मौके से पकड़ लिया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

देशी कट्टा, कारतूस और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, जिंदा और खाली कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद करने की बात कही है। पुलिस अब बरामद हथियार और अन्य सामान की जांच के साथ आरोपी से पूछताछ कर रही है।

जहरीली शराब कांड के प्रमुख आरोपियों में नाम

पुलिस के मुताबिक, 21 वर्षीय शिवांजय राजपूत बंडा क्षेत्र में हुई जहरीली शराब त्रासदी के मामले में प्रमुख आरोपियों में शामिल है। इस घटना में 30 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। मामले में उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

शिवांजय की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश और कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में भी जांच आगे बढ़ा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *