November 26, 2026

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में जनसुनवाई के दौरान एक बुजुर्ग महिला हाथों में तख्ती लेकर कलेक्टर के सामने पहुंची। तख्ती पर लिखी गुहार थी—‘साहब! मुझे जिंदा कर दो…’। दरअसल, सरकारी रिकॉर्ड में महिला को मृत दर्ज कर दिया गया है, जबकि वह जीवित है। समग्र आईडी में मृत दर्ज होने के बाद उसकी पेंशन भी बंद हो गई। महिला अब अपनी पहचान और पेंशन बहाल कराने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगा रही है।

समग्र आईडी में 21 सितंबर 2024 को मृत दर्ज

मामला खंडवा के चीराखदान क्षेत्र का है। मंगलवार को नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष दीपक मूल्लू राठौर बुजुर्ग महिला शशिकला को लेकर जनसुनवाई में पहुंचे। कलेक्टर को दिए आवेदन में महिला ने बताया कि 21 सितंबर 2024 को उसकी समग्र आईडी में मृत दर्ज कर दिया गया, जबकि वह जीवित है।

शशिकला दिव्यांग हैं और उन्हें आंखों से दिखाई भी नहीं देता। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। सरकारी पेंशन ही उनके जीवनयापन का एकमात्र सहारा थी, लेकिन रिकॉर्ड में मृत दर्ज होने के बाद पेंशन बंद हो गई।

कई बार आवेदन के बाद भी नहीं हुई सुनवाई

महिला के मुताबिक, पेंशन बंद होने के बाद से वह अपनी पहचान और पेंशन बहाल कराने के लिए नगर निगम के चक्कर लगा रही हैं। कई बार आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। आखिरकार उन्हें जनसुनवाई में तख्ती लेकर पहुंचना पड़ा और अपने जीवित होने का प्रमाण देना पड़ा।

जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन

नगर निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक मूल्लू राठौर ने इस मामले को लेकर सवाल उठाए। वहीं, जिला पंचायत सीईओ ऐश्वर्य वर्मा ने कहा कि महिला की शिकायत के आधार पर जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जनसुनवाई में शशिकला ने समग्र आईडी में तत्काल जीवित दर्ज करने, बंद पेंशन दोबारा शुरू कराने, बकाया राशि दिलाने और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। अब जांच रिपोर्ट और प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *