November 26, 2026

उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व 2028 के मद्देनजर शहर की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने अधिकारियों के साथ विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान काम की धीमी गति और लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसियों और कंसल्टेंट पर कुल 66 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई गई।

आयुक्त ने ठेकेदारों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए सड़क चौड़ीकरण के काम समय पर पूरे होना जरूरी है।

नीलकंठ चौराहे से महाकाल चौराहे तक 370 मीटर सड़क का काम

आयुक्त ने नीलकंठ चौराहे से महाकाल चौराहे तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से 370 मीटर लंबे मार्ग को 24 मीटर चौड़ा किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान भवनों की तुड़ाई की धीमी गति और लापरवाही सामने आने पर संबंधित एजेंसी योगेश इंटरप्राइजेस पर 20 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई गई। वहीं, ड्राइंग-डिजाइन उपलब्ध नहीं रखने पर कंसल्टेंट एजेंसी टेक्नोजेम पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

आयुक्त ने निर्देश दिए कि तुड़ाई के दौरान निकलने वाला मलबा तत्काल हटाया जाए और लेआउट के अनुसार 100 मीटर नाली का निर्माण पूरा किया जाए। उन्होंने ठेकेदार को संसाधन बढ़ाकर काम जल्द पूरा करने की हिदायत भी दी।

24 खंबा से हरसिद्धि पाल तक सड़क चौड़ीकरण

24 खंबा से हरसिद्धि पाल तक करीब 650 मीटर लंबे मार्ग को 18 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। आयुक्त ने यहां शेष भवनों की तुड़ाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही नाली निर्माण में प्री-कास्ट तकनीक अपनाने, नल कनेक्शन और अन्य संबंधित कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए कहा।

रामानुज कोट-दानीगेट मार्ग पर दो एजेंसियों पर कार्रवाई

रामानुज कोट से दानीगेट तक 470 मीटर लंबे मार्ग को 18 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री की कमी और काम की धीमी गति मिलने पर संबंधित एजेंसी विजय इंफ्रा पर 25 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई गई।

वहीं, नाले की क्रॉसिंग के दौरान 1600 एमएम की पाइपलाइन नहीं डालने पर टाटा कंपनी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को अतिरिक्त संसाधन एवं श्रमिक लगाकर निर्माण कार्य तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम में लापरवाही पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *